द फॉलोअप डेस्क, रांची:
Ranchi News: केंद्रीय श्रम एवं रोजगार, युवा मामले और खेल मंत्री मनसुख मांडविया (Union Minister Mansukh Mandaviya) के रांची प्रवास के दौरान फेडरेशन ऑफ झारखण्ड चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (Federation of Jharkhand Chamber of Commerce and Industries) के प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान झारखण्ड चैम्बर द्वारा रांची में एम्स की स्थापना और अहमदाबाद-रांची के बीच सीधी सुपरफास्ट अथवा अमृत भारत एक्सप्रेस रेल सेवा प्रारंभ कराने में सहयोग का आग्रह किया गया। इस अवसर पर रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ (Minister of State for Defence Sanjay Seth) से भी प्रतिनिधिमंडल की उद्योग एवं व्यापार से जुड़े विषयों पर सकारात्मक चर्चा हुई। चैम्बर अध्यक्ष तुलसी पटेल ने कहा कि अहमदाबाद और रांची के बीच सीधी रेल कनेक्टिविटी का अभाव लंबे समय से यात्रियों के लिए असुविधा का कारण बना हुआ है। विशेषकर रांची, डाल्टनगंज, लोहरदगा एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग रोजगार, व्यापार, शिक्षा एवं चिकित्सा के सिलसिले में गुजरात के अहमदाबाद और वडोदरा की यात्रा करते हैं।

रांची में एम्स की स्थापना की आवश्यकता पर जोर
सीधी रेल सेवा उपलब्ध नहीं होने के कारण यात्रियों को मार्ग परिवर्तन करने के साथ ही अतिरिक्त समय एवं संसाधन खर्च करने पड़ते हैं। यह सुझाया गया कि अहमदाबाद से रांची के बीच छायापुरी (वडोदरा), उज्जैन, संत हिरदाराम नगर (भोपाल), कटनी, सिंगरौली, चोपन (सोनभद्र), डाल्टनगंज एवं लोहरदगा होते हुए सुपरफास्ट अथवा अमृत भारत एक्सप्रेस रेल सेवा प्रारंभ कराने में आवश्यक सहयोग किया जाय। प्रतिनिधिमंडल ने राजधानी रांची में एम्स (AIIMS in Ranchi) की स्थापना की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि रांची झारखंड के विभिन्न जिलों के साथ-साथ पड़ोसी राज्यों के सीमावर्ती क्षेत्रों के लिए भी एक प्रमुख केंद्र है। यहां एम्स की स्थापना होने से रांची के अलावा रामगढ़, हजारीबाग, लोहरदगा, गुमला, पलामू, खूंटी एवं सिमडेगा सहित आसपास के क्षेत्रों तथा सीमावर्ती राज्यों के लोगों को भी इसका व्यापक लाभ मिलेगा।

केंद्रीय मंत्री ने आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया
चैम्बर अध्यक्ष ने केंद्रीय मंत्री से दोनों विषयों पर संबंधित मंत्रालयों के स्तर पर आवश्यक सहयोग एवं कार्रवाई कराने का आग्रह किया, जिसपर मनसुख मांडविया ने सहमति जताई। वार्ता के क्रम में चैम्बर अध्यक्ष ने रांची स्थित खेलगांव की स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि समुचित रखरखाव के अभाव में अंतरराष्ट्रीय स्तर का यह महत्वपूर्ण खेल इंफ्रास्ट्रक्चर (Sports Infrastructure) जर्जर होता जा रहा है। उन्होंने आग्रह किया कि विशेष कमिटी गठित कर पदाधिकारियों से इसका सर्वेक्षण कराया जाए तथा आवश्यक मरम्मत एवं रखरखाव की पहल की जाए ताकि झारखंड की इस धरोहर को पुनः विकसित कर आगामी कॉमनवेल्थ गेम्स (Commonwealth Games) सहित राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों के लिए उपयोगी बनाया जा सके। इस पर केंद्रीय मंत्री ने आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल में चैम्बर अध्यक्ष तुलसी पटेल, सह सचिव अमित शर्मा, सह सचिव पूजा ढाढा, कोषाध्यक्ष नवजोत अलंग शामिल थे।