logo

झारखंड बंद का असर, रांची के हरमू चौक पर BJP कार्यकर्ताओं ने जलाए टायर

bnw.jpg

द फॉलोअप डेस्क

झारखंड में नियुक्ति परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और प्रदर्शनकारी छात्रों पर हुए पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में भारतीय जनता पार्टी ने आज यानी 11 अगस्त को राज्यव्यापी बंद का आह्वान किया है। बंद को लेकर राजधानी रांची समेत पूरे झारखंड में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। मंगलवार सुबह से ही BJP कार्यकर्ता और समर्थक अलग-अलग इलाकों में सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।


हरमू चौक पर टायर जलाकर प्रदर्शन
रांची के प्रमुख हरमू चौक पर BJP कार्यकर्ताओं ने टायर जलाकर सड़क जाम कर दिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई का विरोध किया। सड़क जाम होने के कारण इलाके में यातायात भी प्रभावित हुआ। दरअसल, प्रतियोगी छात्रों ने परीक्षा प्रक्रिया में सुधार और कथित धांधली की CBI जांच की मांग को लेकर विधानसभा घेराव मार्च निकाला था। मार्च के दौरान प्रदर्शनकारी छात्रों के बैरिकेड्स तोड़कर विधानसभा की ओर बढ़ने की कोशिश के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई थी।


पुलिस ने वाटर कैनन और आंसू गैस का किया इस्तेमाल
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन और आंसू गैस का इस्तेमाल किया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की और हंगामे की स्थिति बनी। घटना में कई छात्रों और पुलिसकर्मियों के घायल होने की जानकारी सामने आई थी। छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के बाद BJP ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। पार्टी ने 11 अगस्त को सुबह 8 बजे से रात 11 बजे तक राज्यव्यापी बंद का ऐलान किया। BJP प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी की मौजूदगी में बंद की औपचारिक घोषणा की थी।
 

Tags - Jharkhand Bandh BJP Protest Ranchi News Student Protest Jharkhand Politics