रांची
JPSC-JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में आज, 11 अगस्त को झारखंड बंद का आह्वान किया गया है। भाजपा ने छात्रों के समर्थन में राज्यव्यापी बंद का ऐलान किया है। दरअसल, JPSC और JSSC की भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी और अनियमितताओं को लेकर छात्र लगातार आंदोलन कर रहे हैं। सोमवार को बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने विधानसभा घेराव के लिए मार्च किया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव की स्थिति बनी और पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए बल प्रयोग किया।
छात्र आंदोलन के समर्थन में आज झारखंड बंद
पुलिस कार्रवाई के विरोध में भाजपा ने छात्रों के समर्थन में आज राज्यव्यापी बंद बुलाया है। पार्टी का कहना है कि छात्रों की मांगों पर सरकार को गंभीरता से विचार करना चाहिए और आंदोलन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई की जांच होनी चाहिए। वहीं, JPSC-JSSC अभ्यर्थी भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की जांच समेत अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन जारी रखे हुए हैं। बंद के कारण आज राज्य के अलग-अलग हिस्सों में जनजीवन प्रभावित होने की संभावना है।