logo

कल झारखंड बंद : हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी के विरोध में आदिवासी संगठनों का ऐलान

a718.jpeg

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी के विरोध में कल झारखंड बंद का ऐलान किया गया है। सभी आदिवासी संगठनों ने मिलकर झारखंड बंद का आह्वान किया है। आदिवासी संगठन से जुड़े युवा नेता शशि पन्ना ने द फॉलोअप से बताया कि केंद सरकार और भारतीय जनता पार्टी की दमनकारियों नीतियों के विरोध में कल झारखंड बंद का आह्वान किया गया है। इस दौरान आवश्यक सेवाओं को छोड़कर पूर्ण बंदी का ऐलान किया गया है। मेडिकल, एंबुलेंस और पेट्रोल पंप जैसी जरूरी सुविधाएं खुली रहेंगी। 

हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी दुर्भाग्यपूर्ण
शशि पन्ना ने बताया कि मुख्यमंत्री के खिलाफ ईडी ने दुर्भावनापूर्ण तरीके से कार्रवाई की है। गलत आरोप लगाकर उनको गिरफ्तार किया गया है। आदिवासी होने की वजह से उनको प्रताड़ित किया जा रहा है जिसे समाज स्वीकार नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि सुबह से ही कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर बाजार और सड़क बंद कराएंगे। इस दौरान आवागमन को भी ठप किया जायेगा। इधर, आदिवासी संगठनों द्वारा बंद का आह्वान किये जाने के बाद पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया है। रांची में पहले से ही अगले आदेश तक धारा 144 लगाई गई है। सीएम आवास, राजभवन और ईडी ऑफिस की 100-150 मी की परिधि में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। 

जमीन घोटाला केस में हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी
गौरतलब है कि रांची जमीन घोटाला केस से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में बुधवार को सीएम आवास में लंबी पूछताछ के बाद ईडी ने हेमंत सोरेन को हिरासत में ले लिया। इसके बाद ईडी अधिकारी उन्हें लेकर राजभवन गये जहां उन्होंने राज्यपाल को इस्तीफा सौंप दिया। मुख्यमंत्री के इस्तीफे के बाद विधायक दल का नेता चुने गये चंपई सोरेन ने राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश किया।