द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
झारखंड विधानसभा का दो दिवसीय विशेष सत्र आज से शुरू होगा। 25 और 26 नवंबर को आयोजित इस सत्र के दौरान राज्य सरकार केंद्र सरकार की एसआइआर प्रक्रिया और एमएमडीआर संशोधन अधिनियम, 2026 के विरोध में संकल्प प्रस्ताव पारित करेगी। सत्र के पहले दिन मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) के मुद्दे पर सदन में चर्चा होगी और इसके बाद इससे संबंधित संकल्प पारित किया जायेगा। वहीं, दूसरे दिन खनिज एवं खनन से जुड़े एमएमडीआर संशोधन अधिनियम के प्रावधानों के विरोध में प्रस्ताव लाया जायेगा। सरकार की ओर से दोनों संकल्प प्रस्ताव तैयार कर लिये गये हैं। एमएमडीआर संशोधन अधिनियम के खिलाफ लाये जानेवाले संकल्प के जरिये राज्य सरकार केंद्र से कानून के प्रावधानों पर दोबारा विचार करने की मांग करेगी। साथ ही खनिज संपदा वाले राज्यों के वित्तीय और विधायी अधिकारों को सुरक्षित रखने पर जोर दिया जायेगा। राज्य सरकार का कहना है कि नये कानून के प्रावधानों से खनिज संपदा वाली भूमि पर कर और उपकर लगाने की राज्य की शक्तियां सीमित हो सकती हैं। इसका असर राज्य के राजस्व संग्रह पर पड़ने के साथ सामाजिक सुरक्षा योजनाओं और खनन प्रभावित इलाकों के विकास पर भी पड़ सकता है।

खनन प्रभावित क्षेत्रों के विकास पर सरकार का जोर
राज्य सरकार की ओर से तैयार संकल्प प्रस्ताव में कहा गया है कि खनिज संसाधनों के दोहन के साथ कई सामाजिक और पर्यावरणीय जिम्मेदारियां भी जुड़ी हुई हैं। खनन गतिविधियों के कारण विस्थापन, पर्यावरण को नुकसान, जल और वायु प्रदूषण जैसी गंभीर समस्याएं उत्पन्न होती हैं। इसके अलावा खनन प्रभावित क्षेत्रों में स्थानीय आधारभूत संरचनाओं पर भी अतिरिक्त दबाव पड़ता है। ऐसे में खनिज संपदा से प्राप्त होनेवाले आर्थिक लाभ का एक हिस्सा इन क्षेत्रों के विकास और वहां रहनेवाले लोगों के कल्याण पर खर्च किया जाना जरूरी है। सरकार का तर्क है कि एमएमडीआर संशोधन अधिनियम के प्रावधान राज्यों की वित्तीय और विधायी शक्तियों को प्रभावित कर सकते हैं। इसलिए खनिज उत्पादक राज्यों से पर्याप्त विचार-विमर्श और परामर्श किये बिना इस तरह के बदलाव करना उचित नहीं है।

अधिनियम की धारा 9डी पर राज्य सरकार को प्रमुख आपत्ति
संकल्प प्रस्ताव में एमएमडीआर संशोधन अधिनियम, 2026 (एक्ट संख्या 20) के विभिन्न प्रावधानों और उनसे राज्य पर पड़नेवाले संभावित वित्तीय प्रभावों का विस्तार से उल्लेख किया गया है। इस अधिनियम को 17 अगस्त 2026 को राष्ट्रपति की स्वीकृति मिली थी, जिसके बाद इसे राजपत्र में प्रकाशित किया गया। अधिनियम की धारा-2 के तहत मिनरल बियरिंग लैंड यानी खनिज धारित भूमि को एमएमडीआर एक्ट, 1957 के दायरे में शामिल किया गया है। वहीं, धारा 9डी के तहत खनिज अधिकारों और खनिज धारित भूमि पर राज्य सरकार की ओर से लगाये जानेवाले कर, उपकर या अन्य शुल्क को केंद्र सरकार की ओर से निर्धारित शर्तों और प्रतिबंधों के अधीन कर दिया गया है। राज्य सरकार की सबसे बड़ी आपत्ति इसी प्रावधान को लेकर है। सरकार का मानना है कि इससे खनिज संपदा पर कर और उपकर लगाने की राज्य की स्वतंत्रता प्रभावित होगी तथा अपने संसाधनों से राजस्व जुटाने के अधिकार पर भी असर पड़ सकता है। इसी मुद्दे को लेकर विशेष सत्र में केंद्र सरकार से अधिनियम के प्रावधानों पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया जायेगा।