द फॉलोअप डेस्क
झारखंड विधानसभा शनिवार (22 नवंबर) को अपनी 25 वीं वर्षगांठ मनाएगा। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार समारोह का उद्घाटन करेंगे। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समारोह के मुख्य अतिथि होंगे। विधानसभा अध्यक्ष रबींद्र नाथ महतो समारोह की अध्यक्षता करेंगे। समारोह का शुभारंभ दिन के 11 बजे से होगा। विधानसभा परिसर में समारोह के आयोजन के लिए भव्य पंडाल का निर्माण कराया गया है। स्पीकर रबींद्र नाथ महतो ने आज शाम पंडाल का मुआयना किया। तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों-कर्मचारियों को विशेष निर्देश दिए।

शाम में छह बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम
शाम छह बजे से झारखंड विधानसभा की 25 वीं वर्षगांठ के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया जाएगा। पार्श्व गायक रूप कुमार राठौर अपनी गायकी से श्रोताओं का दिल जीतेंगे। वहीं हास्य कवि डॉ दिनेश बाबरा और हास्य कलाकार रविंद्र जॉनी अपनी अपनी अदाकारी से दर्शकों और श्रोताओं को गुदगुदाएंगे.
