logo

शादी में गया था परिवार, घर खाली देख 10 लाख के जेवर और 2.5 लाख नकदी ले उड़े चोर

शादी में गया था परिवार, घर खाली देख 10 लाख के जेवर और 2.5 लाख नकदी ले उड़े चोर

जामताड़ा:

मिहिजाम शहरी क्षेत्र में बंद घरों को निशाना बनाने वाले चोरों ने एक बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया है। अज्ञात चोरों ने वार्ड संख्या 19 स्थित एक बंद घर का ताला तोड़कर करीब 10 लाख रुपये के जेवरात और ढाई लाख रुपये नकद चोरी कर लिए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। सूचना मिलने पर मिहिजाम पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन में जुट गई है।

वैवाहिक कार्यक्रम में गया था पूरा परिवार
घटना के संबंध में गृहस्वामी वरुण मंडल ने बुधवार को बताया कि मंगलवार को वह एक वैवाहिक कार्यक्रम में हल्दी की रस्म में शामिल होने के लिए अपनी पत्नी के साथ करमाटांड़ के विद्यासागर गए थे। इसी दौरान घर को खाली पाकर अज्ञात चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोरों ने सबसे पहले घर के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा। इसके बाद 2 कमरों के इंटरलॉक तोड़कर अंदर प्रवेश किया और आलमारी को तोड़कर उसमें रखे कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया।

पीड़ित वरुण मंडल के अनुसार, चोर उनकी पत्नी के करीब 10 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और घर में रखे लगभग ढाई लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए। बुधवार को घर लौटने पर चोरी की जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने मिहिजाम थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

घटनास्थल पर पहुंची मिहिजाम पुलिस
इधर, घटना की सूचना मिलते ही मिहिजाम पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घर का निरीक्षण कर आवश्यक छानबीन शुरू की। थाना प्रभारी प्रदीप राणा ने बताया कि चोरी की सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है। पीड़ित ने उम्मीद जताई है कि पुलिस जल्द ही चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने में सफल होगी।

Tags - Jharkhand NewsJamtaraTheftMihizamCrime News