द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
गुमला थाना क्षेत्र के रकमसेरा गांव में दो महिलाओं की हत्या कर उनके शव जमीन में दफनाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव के दो सगे भाइयों ने अपनी-अपनी पत्नियों की हत्या करने के बाद दोनों के शवों को जमीन में गाड़ दिया। घटना की जानकारी मिलते ही गांव समेत आसपास के इलाकों में हड़कंप मच गया। इस दोहरे हत्याकांड की खबर फैलने के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गयी हैं। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस और मजिस्ट्रेट की टीम रकमसेरा गांव पहुंची। दोनों महिलाओं के शवों को जमीन से बाहर निकालने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। वहीं, पुलिस ने आरोपित भाइयों और परिजनों को हिरासत में लेकर थाने में पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल दोनों महिलाओं की हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है और शवों को बाहर निकालने के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जायेगी।
