logo

जामताड़ा में पेट्रोल पंप लूट-हत्या कांड का मास्टरमाइंड गिरफ्तार

WhatsApp_Image_2026-05-09_at_3_49_22_PM.jpeg

जामताड़ा
जामताड़ा पुलिस ने अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह के कड़े दिशा-निर्देशों पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने फतेहपुर थाना क्षेत्र स्थित नायरा पेट्रोल पंप पर हुई सनसनीखेज लूट और हत्या कांड के मुख्य मास्टरमाइंड मुस्तकीम अंसारी को गिरफ्तार कर लिया है। मुस्तकीम की गिरफ्तारी को पुलिस प्रशासन के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।गुप्त सूचना पर रेलवे अंडरब्रिज से दबोचा गया
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुख्यात अपराधी मुस्तकीम अंसारी करमाटांड़ इलाके में छिपा हुआ है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने जाल बिछाया और 08 मई 2026 को करमाटांड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नावाडीह दुर्गापुर स्थित रेलवे अंडरब्रिज के पास से उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया। 36 वर्षीय मुस्तकीम अंसारी मूल रूप से करमाटांड़ थाना क्षेत्र के अमराटांड़ का निवासी है।
क्या था नायरा पेट्रोल पंप मामला?
यह मामला 22 मार्च 2025 का है, जब फतेहपुर-जामताड़ा मुख्य मार्ग पर स्थित नायरा पेट्रोल पंप पर तीन अज्ञात अपराधियों ने धावा बोला था। हथियारबंद अपराधियों ने वहां मौजूद कर्मियों को आतंकित किया और विरोध करने पर एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी थी। अपराधी मौके से भारी नकदी लूटकर फरार हो गए थे। इस संबंध में फतेहपुर थाना में कांड संख्या 13/25 दर्ज कर पुलिस लंबे समय से अपराधियों की तलाश कर रही थी। पुलिस हिरासत में हुई पूछताछ के दौरान मुस्तकीम अंसारी ने न केवल पेट्रोल पंप लूट और हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की, बल्कि कई अन्य चौंकाने वाले खुलासे भी किए। उसने बताया कि उसने अपने गिरोह के साथ मिलकर चितरा, करौं, मार्गोमुंडा, पालोजोरी, मधुपुर, सारठ और मसलिया जैसे क्षेत्रों में लूट, डकैती और हत्या की लगभग एक दर्जन वारदातों को अंजाम दिया है।15 संगीन मामलों में था वांछित
पुलिस रिकॉर्ड खंगालने पर पता चला कि गिरफ्तार मुस्तकीम अंसारी एक आदतन अपराधी है। उसके विरुद्ध जामताड़ा, देवघर और गिरिडीह जिलों के विभिन्न थानों में 15 से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं। इनमें अपहरण, डकैती और हत्या जैसे संगीन अपराध शामिल हैं। उसकी गिरफ्तारी से क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। इस महत्वपूर्ण छापेमारी और गिरफ्तारी अभियान में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नाला, मनोज कुमार महतो, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी जामताड़ा, विकास आनंद लागुरी, करमाटांड़ थाना के पु.अ.नि. विकास कुमार तिवारी, फतेहपुर थाना प्रभारी अमर सिंह तापे सहित फतेहपुर और करमाटांड़ थाना के रिजर्व गार्डों की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस अब उसके अन्य सहयोगियों की तलाश में जुटी है।

Tags - Jamtara Jharkhand Crime Petrol Pump Loot Murder Case Police Arrest