logo

1 नवंबर को 986 केंद्रों पर होगी JTET परीक्षा, 5.65 लाख अभ्यर्थी होंगे शामिल; कैसी है तैयारी! 

1 नवंबर को 986 केंद्रों पर होगी JTET परीक्षा, 5.65 लाख अभ्यर्थी होंगे शामिल; कैसी है तैयारी! 

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

झारखंड (Jharkhand) में 9 साल के लंबे अंतराल के बाद झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा यानी JTET का आयोजन हो रहा है। 1 नवंबर को राज्यभर के 986 परीक्षा केंद्रों पर 5.65 लाख अभ्यर्थी जेटेट (JTET) परीक्षा मे शामिल होंगे, जिनमें करीब 40 हजार सेवाकालीन शिक्षक हैं। जेटेट परीक्षा के लिए सभी 24 जिलों में परीक्षा केंद्र बने हैं। 2 पालियों में होने जा रही इस परीक्षा के लिए 1 नवंबर को सुबह 7 बजे रिपोर्टिंग का समय निर्धारित किया गया है। कदाचार मुक्त पारदर्शी परीक्षा के लिए सभी परीक्षा केंद्रों में जिला पुलिस बल, होमगार्ड और दंडाधिकारियों की नियुक्ति की जायेगी। उड़नदस्ता दल का गठन भी किया गया है। परीक्षा केंद्रों में सीसीटीवी से निगरानी होगी और कई जिलों में बकायदा कंट्रोल रूम भी स्थापित किए गये हैं।  

शिक्षक भर्ती परीक्षाओं के पात्र बनेंगे अभ्यर्थी
गौरतलब है कि जेटेट परीक्षा को पास करने वाले अभ्यर्थी झारखंड में शिक्षक नियुक्ति के लिए आयोजित होने वाली भर्ती परीक्षाओं में शामिल होने के पात्र हो जाएंगे। जेटेट परीक्षा आखिरी बार, 9 साल पहले वर्ष 2016 में आयोजित हुई थी। तब से अब तक बीएड और डीएलएड अभ्यर्थियों के लिए लंबा इंतजार हो गया था। कई लोग इंतजार में उम्र सीमा को पार कर गये। 

किस जिले में कितने परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं!
देवघर जिले में बने 45 परीक्षा केंद्रों पर 18,213 परीक्षार्थी शामिल होंगे। चाईबासा में 29 केंद्रों पर 18,839 परीक्षार्थी शामिल होंगे। धनबाद में 109 परीक्षा केंद्रों पर करीब 39 हजार परीक्षार्थी शामिल होने वाले हैं। गिरिडीह में 46 परीक्षा केंद्रों पर 17 हजार अभ्यर्थी शामिल हैं। पलामू में 47 परीक्षा केंद्रों  पर 30,422 परीक्षार्थी शामिल हैं। साहिबगंज में 22 केंद्रों पर 11,385 परीक्षार्थी शामिल होंगे। कई जिलों  में उपायुक्त की अध्यक्षता में जेटेट परीक्षा की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठकों का आयोजन किया गया है।  

गौरतलब है कि जेटेट परीक्षा 2 स्तरीय होती है। पहली परीक्षा पहली क्लास से लेकर 5वीं तक होती है वहीं दूसरी परीक्षा क्लास छठी से 8वीं क्लास तक के लिए होती है। 

29 अक्टूबर को मुख्य सचिव की अध्यक्षता में बैठक
इस बीच जानकारी मिली है कि 29 अक्टूबर को मुख्य सचिव की अध्यक्षता में जेटेट परीक्षा की तैयारियों  को लेकर दोपहर डेढ़ बजे वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक का आयोजन किया जायेगा, जिसमें सभी जिलों के उपायुक्त,  एसएसपी, एसपी और संबंधित विभाग के जिला स्तरीय अधिकारी शामिल होंगे।  

15 अक्टूबर से से ही मिल रहा जेटेट परीक्षा का एडमिट कार्ड
जेटेट परीक्षा के लिए झारखंड एकेडमिक काउंसिल यानी जैक ने 15 अक्टूबर से ही एडमिट कार्ड निर्गत करना शुरू कर दिया है। एडमिट कार्ड में ही परीक्षा केंद्रों का पता, परीक्षा की तिथि, समय समेत अन्य जानकारियां दर्ज हैं। इस बीच कई जगह अभ्यर्थियों की शिकायत है कि उन्हें जिस जिले  में सेंटर आवंटित किया गया है, वहां ठहरने और परिवहन का उचित साधन नहीं है। 

Tags - Jharkhand NewsJTET Exam 2026Jharkhand Teacher Eligibility TestJAC