logo

दिन में पुलिस की मुस्तैदी के दावे, रात में अपराधियों ने दिखाया दुस्साहस, स्वर्ण व्यवसायी से लाखों की लूट  

jam_loot.jpg

जामताड़ा

जामताड़ा जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र से पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली एक बड़ी आपराधिक घटना सामने आई है। शुक्रवार देर रात मुख्य बाजार में हथियारबंद अपराधियों ने एक स्वर्ण व्यवसायी को बंदूक की नोक पर रोककर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी से भरा बैग लूट लिया। यह घटना ऐसे समय में हुई, जब कुछ ही घंटे पहले पुलिस क्षेत्र में वाहन चेकिंग अभियान चलाकर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अपनी सक्रियता का दावा कर रही थी।

घर से महज 100 मीटर पहले वारदात

जानकारी के अनुसार, फतेहपुर बाजार स्थित जेबी ज्वेलर्स के संचालक अमरजीत वर्मा शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे अपनी दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे। जब वे बस स्टैंड के समीप पहुंचे, तभी दो बाइकों पर सवार पांच अज्ञात अपराधियों ने उन्हें घेर लिया। अपराधियों ने उनकी कनपटी पर पिस्तौल सटा दी और जान से मारने की धमकी देते हुए सोना-चांदी के आभूषणों एवं नकदी से भरा बैग छीन लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि जहां यह घटना हुई, वहां से पीड़ित का घर महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित है। पीड़ित व्यवसायी अमरजीत वर्मा के अनुसार, लूटे गए बैग में करीब चार लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण तथा कुछ नकदी रखी हुई थी। हालांकि पुलिस की ओर से अभी तक लूटी गई संपत्ति के मूल्य को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। इस घटना के बाद क्षेत्र के व्यवसायियों में दहशत का माहौल है, जबकि स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं।

पुलिस की मुस्तैदी पर उठे सवाल

घटना के बाद सामने आई दो तस्वीरें पुलिस की कथनी और करनी के बीच के अंतर को उजागर करती नजर आ रही हैं। पहली तस्वीर दिन की है, जिसमें पुलिस वाहन चेकिंग अभियान चलाते हुए पकड़े गए वाहनों के साथ अपनी उपलब्धि प्रदर्शित करती दिख रही है। वहीं दूसरी तस्वीर रात की है, जिसमें लूट की घटना के बाद फतेहपुर बाजार में अफरा-तफरी का माहौल और पुलिस वाहन के आसपास जुटी आक्रोशित भीड़ दिखाई दे रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पुलिस की गश्त और निगरानी व्यवस्था प्रभावी होती, तो मुख्य बाजार क्षेत्र में इतनी बड़ी वारदात को अंजाम देना अपराधियों के लिए आसान नहीं होता। घटना की सूचना मिलते ही फतेहपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है तथा अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी का दावा कर रही है। फिलहाल इस सनसनीखेज लूटकांड ने फतेहपुर बाजार के दुकानदारों और आम नागरिकों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। लोगों की मांग है कि अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत किया जाए।

Tags - Gold Trader Robbery Criminal Incident Police Security Lapse Law and Order Security Concerns