logo

जामताड़ा में ‘अर्नब’ का कहर, सैकड़ों घर ध्वस्त; पूर्व मंत्री रणधीर सिंह ने बांटी राहत सामग्री

जामताड़ा में ‘अर्नब’ का कहर, सैकड़ों घर ध्वस्त; पूर्व मंत्री रणधीर सिंह ने बांटी राहत सामग्री

जामताड़ा:
चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ ने सारठ विधानसभा क्षेत्र के कई गांवों में भारी तबाही मचाई है। मरंगा, पतरघटिया, बरमसिया, दुबराजपुर, शिखर नवाडीह और पाड़ो समेत कई गांवों में आंधी-तूफान और बारिश के कारण सैकड़ों घर ध्वस्त हो गए हैं, जबकि हजारों पेड़ उखड़ गए हैं। तूफान के बाद कई परिवारों के सामने रहने और खाने-पीने की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है।

पूर्व मंत्री ने प्रभावित गांवों का किया दौरा
तूफान के बाद सारठ के पूर्व कृषि मंत्री रणधीर सिंह ने शनिवार देर रात प्रभावित गांवों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उनका हाल-चाल जाना और नुकसान की जानकारी ली। उन्होंने अपने स्तर से प्रभावित परिवारों को तत्काल नकद राशि और अन्य राहत सामग्री भी उपलब्ध कराई।

सभी वर्गों के परिवारों को हुआ नुकसान
दौरे के दौरान पूर्व मंत्री ने कहा कि पालोजोरी प्रखंड के विभिन्न गांवों में आंधी और बारिश से भारी नुकसान हुआ है। हिंदू, मुस्लिम और आदिवासी समाज समेत सभी वर्गों के परिवारों के घर तबाह हुए हैं। स्थिति इतनी गंभीर है कि कई लोगों के पास रहने के लिए घर नहीं बचा है और खाने-पीने का सामान भी नष्ट हो गया है।

सरकार और प्रशासन पर लगाया अनदेखी का आरोप
रणधीर सिंह ने राज्य सरकार और जिला प्रशासन पर प्रभावित लोगों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार गहरी नींद में सोई हुई है और अधिकारियों ने अब तक गरीब परिवारों के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं की है। उन्होंने मांग की कि जिला प्रशासन और राज्य सरकार तत्काल नुकसान का आकलन कराए, विशेष फंड की व्यवस्था करे और प्रभावित परिवारों के लिए राहत कार्य शुरू करे।

स्थानीय विधायक पर भी साधा निशाना
पूर्व मंत्री ने वर्तमान विधायक पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जिन मुस्लिम और आदिवासी समुदायों के वोट से विधायक चुने गए, आज उन्हीं समुदायों के लोगों के घरों का सामान और जमा पूंजी बर्बाद हो गई है, लेकिन विधायक प्रभावित लोगों के बीच नजर नहीं आ रहे हैं। रणधीर सिंह ने चेतावनी दी कि यदि सरकार और स्थानीय विधायक ने पीड़ित गरीब परिवारों को जल्द सहायता उपलब्ध नहीं कराई, तो वे प्रभावित लोगों के साथ मिलकर भारतीय जनता पार्टी उग्र आंदोलन करेगी

Tags - Cyclone Arnab Jamtara Sarath Jharkhand Weather Storm Damage