logo

जामताड़ा में कोयला ढुलाई पर प्रशासन की सख्ती, बिना तिरपाल वाले वाहनों पर कार्रवाई की चेतावनी

ूीहमक21.jpg

द फॉलोअप डेस्क
जामताड़ा में कोयला परिवहन के दौरान नियमों के पालन को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। उपायुक्त आलोक कुमार के निर्देश पर माइनिंग इंस्पेक्टर अखिलेश कुमार ने दुमका रोड स्थित ईसीएल रेलवे कोयला साइडिंग का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कोयला लदे वाहनों की जांच की गई, जिसमें कई वाहन बिना तिरपाल ढके सड़क पर चलते पाए गए। इस पर अधिकारियों ने नाराजगी जताते हुए संबंधित चालकों को कड़ी चेतावनी दी। निरीक्षण के दौरान माइनिंग इंस्पेक्टर ने कहा कि बिना तिरपाल ढके कोयला लदे वाहनों से उड़ने वाली धूल स्थानीय लोगों और राहगीरों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा पैदा करती है। इसके अलावा कोयले के बारीक कण वातावरण में फैलकर वायु प्रदूषण को बढ़ाते हैं, जिससे पर्यावरण पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पर्यावरण सुरक्षा और जनहित से जुड़े नियमों का हर हाल में पालन करना होगा।


ECL प्रबंधन को भी जारी किए गए निर्देश
प्रशासन ने इस मामले की जानकारी ईसीएल चित्रा प्रबंधन को भी दी है। अधिकारियों ने प्रबंधन को निर्देशित किया है कि साइडिंग से निकलने वाले सभी कोयला लदे वाहनों को पूरी तरह तिरपाल से ढककर ही रवाना किया जाए। साथ ही यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि परिवहन प्रक्रिया के दौरान किसी भी स्तर पर नियमों की अनदेखी न हो।


नियम तोड़ने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई
औचक जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले कई वाहन चालकों को चेतावनी देकर छोड़ा गया। हालांकि प्रशासन ने साफ कर दिया है कि भविष्य में ऐसी लापरवाही मिलने पर संबंधित वाहनों की कोयला ढुलाई पर तत्काल रोक लगाई जाएगी और कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद परिवहन व्यवसाय से जुड़े लोगों और वाहन चालकों में हड़कंप की स्थिति देखी गई।

 

Tags - Jamtara Coal Transport Mining Environment Administration