द फॉलोअप डेस्क:
बिहार विधान परिषद चुनाव (Bihar Legislative Council Election) में चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के नतीजे घोषित हो गए हैं। पटना शिक्षक सीट से आरजेडी के डॉ. संजीव कुमार (Sanjeev Kumar), तिरहुत से भाजपा (BJP) के नरेंद्र प्रसाद सिंह, दरभंगा से जन सुराज के सुरेश प्रसाद राय और सारण से निर्दलीय प्रत्याशी राहुल राज ने जीत दर्ज की है। इन नतीजों में सबसे अधिक चर्चा पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की हो रही है, जहां आरजेडी के डॉ. संजीव कुमार ने भाजपा के नवल किशोर यादव को 1,057 वोटों से हरा दिया। नवल किशोर यादव करीब 30 वर्षों से इस सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे थे। इस बार आरजेडी प्रत्याशी ने उनकी जीत का सिलसिला रोक दिया। चारों सीटों के जातीय समीकरण की बात करें, तो तीन सीटों पर भूमिहार और एक सीट पर राजपूत समुदाय के प्रत्याशियों ने जीत हासिल की है।

तिरहुत और दरभंगा में अलग-अलग दलों की जीत
तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के नरेंद्र प्रसाद सिंह ने करीब 600 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की। नरेंद्र प्रसाद सिंह भूमिहार समुदाय से आते हैं। इस सीट पर जन सुराज ने भी अपना प्रत्याशी उतारा था। चुनाव से पहले उम्मीदवार बदले जाने को लेकर भी तिरहुत सीट चर्चा में रही थी। वहीं, दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में जन सुराज के सुरेश प्रसाद राय ने जीत हासिल की। भूमिहार समुदाय से आने वाले सुरेश प्रसाद राय ने कांग्रेस के डॉ. मदन मोहन झा को 1,111 मतों से पराजित किया। इस सीट पर एनडीए समर्थित जेडीयू उम्मीदवार घनश्याम राय को हार का सामना करना पड़ा। वह चौथे स्थान पर रहे। दरभंगा में जन सुराज की जीत को इन चुनाव नतीजों का एक अहम पहलू माना जा रहा है।

सारण में निर्दलीय राहुल राज ने मारी बाजी
सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में निर्दलीय प्रत्याशी राहुल राज ने जेडीयू उम्मीदवार आनंद पुष्कर को हराकर जीत दर्ज की। राजपूत समुदाय से आने वाले राहुल राज को मतगणना के 14वें राउंड के बाद 4,965 वोट मिले, जबकि आनंद पुष्कर के खाते में 3,150 वोट आए। इस तरह राहुल राज ने 1,815 मतों के अंतर से जीत हासिल की। चारों शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के परिणामों में पटना में आरजेडी, तिरहुत में भाजपा, दरभंगा में जन सुराज और सारण में निर्दलीय प्रत्याशी ने बाजी मारी। इन नतीजों ने बिहार विधान परिषद की शिक्षक सीटों पर अलग-अलग राजनीतिक दलों और निर्दलीय प्रत्याशी की मौजूदगी को रेखांकित किया है।