logo

द फॉलोअप इम्पैक्ट : दुर्लभ बीमारी से जूझ रही महिला के घर DC के निर्देश पर पहुंची जांच टीम

FOLLOW_UP_IMPACT_IMAGE.jpg

जामताड़ा
नाला विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत फतेहपुर प्रखंड के मंझलाडीह गांव की 34 वर्षीय छवि भंडारी पिछले छह वर्षों से 'टाकायासु आर्टेराइटिस' नामक दुर्लभ और गंभीर बीमारी से जूझ रही हैं। उनके पति की मामूली आय लाखों रुपये के इलाज का खर्च उठाने में असमर्थ है। एम्स (AIIMS) के डॉक्टरों ने उन्हें 36 महीनों तक हर महीने 35 हजार रुपये से अधिक कीमत का इंजेक्शन लेने की सलाह दी है। हालांकि, गंभीर आर्थिक तंगी के कारण परिवार अब तक यह इलाज शुरू नहीं करा सका है। अपने दो मासूम बच्चों के भविष्य को लेकर चिंतित परिवार ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और जिला प्रशासन से आर्थिक सहायता की गुहार लगाई थी।
खबर प्रकाशित होते ही हरकत में आया प्रशासन
इस मानवीय मुद्दे को फोलोअप में प्रमुखता से प्रकाशित किए जाने के बाद जिला प्रशासन हरकत में आ गया। जामताड़ा उपायुक्त (DC) के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम तत्काल पीड़ित परिवार के घर पहुंची। नाला प्रखंड के बीटीटी प्रदीप कुमार कौर और फतेहपुर प्रखंड के बीटीटी सुबोध कुमार मंडल ने परिजनों से मुलाकात कर परिवार की आय, आर्थिक स्थिति तथा इलाज के लिए आवश्यक इंजेक्शन के खर्च से संबंधित विस्तृत जानकारी जुटाई।
जांच के बाद शासन को भेजी जाएगी रिपोर्ट
​​​इस संबंध में जामताड़ा के सिविल सर्जन डॉ. शिव प्रसाद मिश्र ने बताया कि डीसी के आदेशानुसार गठित टीम ने मौके पर जाकर पूरे मामले की जांच की है। जल्द ही एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर शासन को भेजी जाएगी, ताकि पीड़िता को हर संभव सरकारी सहायता और चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
प्रशासन की पहल से जगी इलाज की उम्मीद
​प्रशासन के इस त्वरित हस्तक्षेप से पीड़ित परिवार में इलाज की उम्मीद जगी है। महिला के पति ने फॉलोअप को धन्यवाद दिया है और कहा है कि आपके ही प्रयास से आज कुछ उम्मीद जगी है प्रशासन अगर जल्दी हमें सहायता प्रदान कर देता है तो मेरी पत्नी को समय पर इलाज मिल जाएगा, उन्होंने जिला प्रशासन का भी शुक्रिया अदा किया है खासकर जामताड़ा के डीसी का आभार व्यक्त किया। 

Tags - Jamtara Takayasu Arteritis Hemant Soren Jharkhand News Health News