logo

TMC सांसद नदीमुल हक से जुड़े 7 ठिकानों पर ED की छापेमारी, रांची में भी कार्रवाई

TMC सांसद नदीमुल हक से जुड़े 7 ठिकानों पर ED की छापेमारी, रांची में भी कार्रवाई

द फॉलोअप डेस्क
TMC के राज्यसभा सांसद मोहम्मद नदीमुल हक से जुड़े परिसरों पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने सोमवार सुबह एक साथ छापेमारी की। एजेंसी की टीमें दिल्ली, कोलकाता और रांची में सात अलग-अलग स्थानों पर पहुंचीं। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, कार्रवाई सुबह करीब 6 बजे शुरू हुई। इस दौरान सांसद से जुड़े आवास और कार्यालयों की भी तलाशी ली गई। ED की जांच में कथित संदिग्ध वित्तीय लेन-देन, फंडिंग और अखबार के जरिए प्रकाशित कंटेंट से जुड़े मामले शामिल बताए जा रहे हैं।


अखबार से भी जुड़ा है सांसद का नाम
मोहम्मद नदीमुल हक तृणमूल कांग्रेस के राज्यसभा सांसद हैं और उनका संबंध पत्रकारिता से भी रहा है। उनका नाम उर्दू दैनिक ‘अखबार-ए-मशरिक’ से जुड़ा बताया जाता है। अखबार की वेबसाइट के अनुसार इसका प्रकाशन कोलकाता से होता है और इसके अलग-अलग शहरों से संस्करण भी प्रकाशित किए जाते हैं। ED सूत्रों के हवाले से सामने आई जानकारी के मुताबिक, जांच का एक हिस्सा अखबार से जुड़े मामलों पर केंद्रित है। एजेंसी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि प्रकाशित सामग्री से जुड़े आरोपों के पीछे कोई वित्तीय लेन-देन या फंडिंग की कड़ी है या नहीं।


संदिग्ध लेन-देन की भी जांच
रिपोर्टों के अनुसार, ED कथित अवैध लेन-देन और संदिग्ध ट्रांजैक्शन के जरिए फंडिंग के आरोपों की भी जांच कर रही है। तलाशी के दौरान एजेंसी की टीम वित्तीय दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड खंगाल रही है। शुरुआती जानकारी में मामला बिधाननगर पुलिस स्टेशन से जुड़े एक केस से संबंधित बताया जा रहा है। कोलकाता के पार्क सर्कस स्थित ‘अखबार-ए-मशरिक’ के कार्यालय में भी ED की टीम पहुंची, जहां कार्रवाई के दौरान केंद्रीय बलों की तैनाती रही। हालांकि, सामने आए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है।
 

Tags - Mohammad Nadimul Haque TMC Trinamool Congress ED Raid Enforcement Directorate Rajya Sabha