logo

MGM से डिमना लेक तक बने एलिवेटेड रोड, विधायक सरयू राय ने सरकार को भेजा प्रस्ताव 

SARYU_RAY3.jpg

जमशेदपुर

जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने एमजीएम मेडिकल कॉलेज से डिमना लेक के पहले तक एलिवेटेड रोड (ऊपरी पथ) बनाने का प्रस्ताव राज्य सरकार के समक्ष रखा है। उन्होंने इस संबंध में पथ निर्माण विभाग के सचिव और मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर परियोजना को स्वीकृति देने की मांग की है। सरयू राय ने कहा कि एमजीएम से डिमना लेक और पटमदा की ओर जाने वाली सड़क दलमा वन्यजीव अभयारण्य (सेंक्चुरी) क्षेत्र से होकर गुजरती है। वन क्षेत्र से जुड़े नियमों के कारण इस सड़क का चौड़ीकरण संभव नहीं है। ऐसे में बढ़ते ट्रैफिक और भविष्य की जरूरतों को देखते हुए एलिवेटेड रोड का निर्माण सबसे उपयुक्त विकल्प हो सकता है।

अक्सर दुर्घटनाओं की आशंका

उन्होंने बताया कि डिमना चौक से एमजीएम मेडिकल कॉलेज तक फोरलेन सड़क निर्माण की योजना पहले ही स्वीकृत हो चुकी है। आवश्यक डीपीआर संशोधन और टाटा स्टील से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) मिलने के बाद इस पर काम शुरू होगा। लेकिन एमजीएम के आगे डिमना लेक और पटमदा की ओर जाने वाली सड़क संकरी होने के कारण यहां अक्सर दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। विधायक ने सुझाव दिया कि एमजीएम मेडिकल कॉलेज से डिमना लेक के पहले तक किसी उपयुक्त स्थान तक एलिवेटेड रोड का निर्माण कराया जाए। उनका कहना है कि डिमना लेक पर्यटन का प्रमुख केंद्र बन चुका है, जिससे इस मार्ग पर वाहनों का दबाव लगातार बढ़ रहा है।

पर्यटकों और पुरुलिया जाने वाले यात्रियों का सफर अधिक सुरक्षित होगा 

ऐसे में एनएच-33 की तर्ज पर यहां भी ऊपरी पथ तैयार किया जाना चाहिए, ताकि यातायात सुगम और सुरक्षित हो सके। सरयू राय ने बताया कि इस प्रस्ताव पर उनकी पथ निर्माण विभाग के अधिकारियों से भी चर्चा हुई है। अधिकारियों के अनुसार, परियोजना के क्रियान्वयन में कोई बड़ी तकनीकी बाधा नहीं है और वन विभाग से अनुमति मिलने की भी संभावना है। उन्होंने कहा कि एलिवेटेड रोड बनने से पटमदा, बोड़ाम और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी। साथ ही डिमना लेक आने वाले पर्यटकों और पुरुलिया जाने वाले यात्रियों का सफर भी अधिक सुरक्षित, तेज और सुविधाजनक हो जायेगा।

Tags - MLA Saryu Roy Elevated Road Proposal Jharkhand Government Urban Development