द फॉलोअप डेस्क:
Jamshedpur Road Accident: जमशेदपुर (Jamshedpur) के टेल्को (Telco) स्थित रिंग रोड (Ring Road) के पास बुधवार को एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने स्कूली बच्चों से भरे ऑटो (Auto) को जोरदार टक्कर मार दी। कार एक महिला चला रही थी। हादसे में ऑटो में सवार आठ बच्चे घायल हो गये। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना के बाद कार चालक महिला अपना वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गयी। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायल बच्चों को तत्काल टाटा मोटर्स अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज कराया गया।

तेज रफ्तार में थी काले रंग की कार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, काले रंग की कार (जेएच05डीजे-3955) काफी तेज रफ्तार में थी। टेल्को रिंग रोड के पास चालक महिला कार पर नियंत्रण खो बैठी और कार सीधे स्कूली बच्चों को लेकर जा रहे पैसेंजर ऑटो (जेएच05जेड-3841) से जा टकरायी। अचानक हुई इस टक्कर से ऑटो में बैठे बच्चों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य में जुट गये।

हादसे में आठ स्कूली बच्चे घायल
हादसे में घायल बच्चों की पहचान अमृता कुमारी, गुरप्रीत कौर, रोहित कुमार, आशीष गुप्ता, मोहित गुप्ता, रिचा कुमारी, अनुष्का कुमारी और एक अन्य बच्चे के रूप में हुई है। सभी गुरु नानक स्कूल के विद्यार्थी बताये जा रहे हैं। हादसे की खबर मिलते ही बच्चों के परिजन अस्पताल पहुंचे। अचानक हुए इस हादसे से परिजनों में चिंता और बेचैनी का माहौल रहा।

फरार महिला चालक की तलाश में जुटी पुलिस
इधर, दुर्घटना के बाद कार चालक महिला के फरार होने की सूचना पर टेल्को पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच कर रही है। साथ ही, पुलिस कार चला रही फरार महिला चालक की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई करने में जुटी है। स्थानीय लोगों के अनुसार, स्कूली बच्चों से भरे ऑटो को टक्कर मारने के बाद चालक का मौके से फरार हो जाना भी जांच का विषय है।