logo

जमशेदपुर : घर से निकले वृद्ध का गली में मिला शव, शरीर पर चोट के निशान; 200 मीटर दूर मिली साइकिल

घर से निकले वृद्ध का गली में मिला शव, शरीर पर चोट के निशान; 200 मीटर दूर मिली साइकिल

जमशेदपुर:
Jamsedpur News:
जमशेदपुर के कदमा स्थित लिंक रोड की एक गली में मंगलवार सुबह 62 वर्षीय सोनाधर नाग का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गयी। मृतक के शरीर पर कई जगह चोट के निशान मिलने से हत्या की आशंका गहरा गयी है। घटनास्थल से करीब 200 मीटर दूर उनकी साइकिल भी लावारिस हालत में मिली। सोमवार शाम साइकिल लेकर घर से निकले सोनाधर रातभर वापस नहीं लौटे थे। मंगलवार सुबह उनकी मौत की खबर मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।

सोमवार शाम पांच बजे साइकिल लेकर निकले थे घर से
मृतक सोनाधर नाग कदमा के हुलांग रोड स्थित बेल्डीह ग्राम बस्ती के निवासी थे। उनके पुत्र विशाल नाग के अनुसार, पिता सोमवार शाम करीब पांच बजे साइकिल लेकर घर से निकले थे। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिवार के लोगों ने आसपास के इलाकों और परिचितों के यहां उनकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। मंगलवार सुबह लिंक रोड की एक गली में उनका शव पड़े होने की सूचना मिली। परिजन मौके पर पहुंचे तो शव की पहचान सोनाधर नाग के रूप में की।

घटनास्थल से 200 मीटर दूर मिली साइकिल
सूचना मिलने पर कदमा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस को घटनास्थल से करीब 200 मीटर दूर मृतक की साइकिल भी मिली है। शरीर पर चोट के निशान और शव से दूर साइकिल का मिलना जांच के अहम बिंदु माने जा रहे हैं। मृतक के पुत्र विशाल नाग ने अज्ञात लोगों पर हत्या की आशंका जतायी है।

महिला से मिलने जाने की चर्चा, पुलिस कर रही जांच
इधर, मृतक के किसी महिला से मिलने जाने की चर्चा भी सामने आ रही है। हालांकि, इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस इस पहलू समेत अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि घर से साइकिल लेकर निकले सोनाधर नाग की रात में किन परिस्थितियों में मौत हुई और उनका शव गली में कैसे पहुंचा। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही सोनाधर नाग की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Tags - Jamshedpur Kadma Sonadhar Nag Crime News Jharkhand News