logo

नगर निकाय चुनाव नहीं कराने के पीछे राज्य सरकार की मंशा भ्रष्टाचार को बढ़ावा देना- अमर बाउरी 

amar.jpeg

रांची 
बीजेपी प्रदेश कार्यालय में आज नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी ने कहा कि नगर निकाय चुनाव नहीं कराने के पीछे राज्य सरकार की मंशा भ्रष्टाचार को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि आज पूरे प्रदेश में निकाय चुनाव लंबित हैं। विगत दिनों रोशनी खलखो की जनहित याचिका पर कोर्ट ने तीन हफ्ते के भीतर चुनाव कराने के निर्देश दिए थे। लेकिन राज्य सरकार ने उल्टे ट्रिपल टेस्ट के बहाने समय पार करते हुए याचिका खारिज करने की अपील की। कहा कि राज्य सरकार की मंशा साफ नहीं। ये सरकार नगर निकायों के माध्यम से भ्रष्टाचार को बढ़ावा देना चाहती है।

 
ट्रिपल टेस्ट को बताया बहाना 

बाउरी ने आगे कहा, सरकार को पता है कि बिना ट्रिपल टेस्ट के चुनाव नहीं कराए जा सकते। यह सरकार ट्रिपल टेस्ट कराने की दिशा में भी शांत बैठी है। पिछड़ा वर्ग आयोग भी पूरी तरह से गठित नहीं है। कहा कि राज्य सरकार अन्य संवैधानिक संस्थाओं का भी गठन नहीं कर रही है। सिर्फ गलत बयानी कर जनता को दिग्भ्रमित कर रही है। सूचना आयुक्त के संबंध में भी गलत सूचनाएं दी जा रही हैं। कहा, आयोगों के गठन नहीं करने के पीछे भी भ्रष्टाचार पर पर्दा डालने की ही मंशा है।


पिछली सरकारों की उपलब्धियां बताईं 
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि लोकतंत्र की दुहाई देने वाले रोज लोकतंत्र की हत्या करते हैं। इनका इतिहास पुराना है। चाहे आपातकाल हो या निकाय चुनावों को टालना, सब लोकतंत्र को कमजोर करने वाला कदम है। उन्होंने कहा कि अर्जुन मुंडा के नेतृत्व में बीजेपी की सरकार ने 30 वर्षों से लंबित पंचायत चुनाव कराकर लोकतंत्र को मजबूत किया। रघुवर सरकार ने निकाय चुनाव संपन्न कराए थे। उन्होंने कहा कि आज भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी पार्टियां और नेता मोदी के खिलाफ एकजुट हो रही हैं। प्रेसवार्ता में उपाध्यक्ष आरती कुजूर, प्रवक्ता प्रतुल शाह देव और मीडिया प्रभारी अशोक बड़ाइक उपस्थित थे।

 

हमें फॉलो करने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें -                    

https://chatwhatsappcom/H6JHUZV9z0LIcfjbcYlVDn

Tags - Amar BauribjpMunicipal ElectionsCorruption