द फॉलोअप डेस्क
देवघर में 3 मंजिला इमारत गिरने से 3 लोगों की मलबे मे दबकर मौत हो गई। वहीं 4 लोगों को सकुशल बाहर निकाला गया। सबसे पहले 3 बच्चों को बाहर निकाला गया। मासूम के बचने को लेकर सिविल सर्जन ने कहा है यह किसी चमत्कार से कम नहीं है। बता दें कि रविवार को अहले सुबह 3 मंजिला इमारत भरभरा कर गिर गई। इस दौरान करीब 7 लोग मलबे में दब गए थे।
एक महिला का पैर टूटा
देवघर सदर अस्पताल के सिविल सर्जन ने कहा कि रविवार होने की वजह से आज हमारा ओपीडी बंद है। फिर भी हमने सुबह से 4 डॉक्टरों की टीम को तैनात कर दिया। मैं खुद 7 बजे से यहां बैठा हूं। जो लोग जीवित आ रहे थे, उनका इलाज कर रहा था। वहीं एक बच्चा भी जिंदा पहुंचा, इसे चमत्कार ही कहेंगे कि वह जीवित यहां पहुंचा और समय पर उसका उपचार हो गया। एक महिला है, वह जीवित भी है। उसका पैर टूट गया है।
गोड्डा सांसद ने मुआवजे का किया ऐलान
सांसद निशिकांत दुबे ने मृतकों के लिए मुआवजे का ऐलान किया है। सांसद ने कहा है कि 1-1 लाख की राशि दुर्घटना राहत कोष से दी जाएगी। निशिकांत दुबे ने सोशल मीडिया एक्स पर जानकारी दी कि आज सुबह देवघर में हुए मकान दुर्घटना में मृतकों को 1-1 लाख की राशि दुर्घटना राहत कोष से दी जाएगी।
बिल्डिंग के गिरने की कराई जाएगी जांच
घटना देवघर के नगर थाना क्षेत्र के सीता होटल के पास की है। घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार सीता होटल के पास स्थित हंसकुप का बगल वाला भवन अहले सुबह भरभराकर गिर गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि इस मकान में कई लोग रहते थे। डीसी ने कहा है कि बिल्डिंग के आसपास कुछ निर्माण कार्य चल रहा था। संभवत: मकान पुराना रहा होगा, जिसकी वजह से यह ढह गया। बिल्डिंग के गिरने की जांच कराई जाएगी। अभी राहत कार्य पर फोकस है। लोगों की जान बचाना प्राथमिकता है।