सरायकेला-खरसावां:
सरायकेला-खरसावां जिले में मानव-हाथी संघर्ष का मामला लगातार सामने आ रहा है। खेत देखने के लिए घर से निकले 60 वर्षीय ग्रामीण का शव दूसरे दिन धुंधाडीह जंगल से बरामद किया गया। मृतक की पहचान सुकराम उरांव के रूप में हुई है। आशंका जताई जा रही है कि हाथी ने कुचलकर उनकी जान ले ली। जानकारी के अनुसार सुकराम उरांव बीते दिन अपने खेत को देखने के लिए घर से निकले थे। काफी देर तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की। इसके बाद ग्रामीणों के साथ वन विभाग की टीम ने भी आसपास के इलाके में तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया।

जंगल में हाथी की चपेट में आए सुकराम!
आज दोबारा ग्रामीणों और वन विभाग की टीम ने खोजबीन शुरू की। इसी दौरान धुंधाडीह जंगल में एक शव दिखाई दिया। मौके पर पहुंचकर परिजनों ने शव की पहचान सुकराम उरांव के रूप में की। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि जंगल में हाथी के संपर्क में आने के बाद हाथी ने उन्हें कुचल दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।

वन विभाग ने अंत्येष्टि के लिए दी आर्थिक मदद
घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक प्रक्रिया शुरू की। वन विभाग की ओर से मृतक के परिजनों को तत्काल अंत्येष्टि के लिए 50 हजार रुपये की सहायता राशि उपलब्ध कराई गई है। विभागीय प्रक्रिया और आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी होने के बाद मुआवजे की शेष राशि भी परिजनों को दिए जाने की बात कही गई है। घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं ग्रामीणों में भी घटना को लेकर आक्रोश और भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में हाथियों का उत्पात लगातार बढ़ रहा है। हाथी आए दिन खेतों में लगी फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। अब मानव-हाथी संघर्ष के कारण ग्रामीणों की जान भी जा रही है।
हाथियों को जंगल तक सीमित रखने की मांग
ग्रामीणों ने वन विभाग और प्रशासन से हाथियों के विचरण वाले क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा हाथियों को जंगल तक सीमित रखने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते ठोस व्यवस्था नहीं की गई तो आने वाले दिनों में मानव-हाथी संघर्ष की घटनाएं और बढ़ सकती हैं।