logo

चक्रवाती तूफान अकवान ने किसानों की कमर तोड़ी, बारिश-आंधी में भीग गई धान और सब्जी की फसल

चक्रवाती तूफान अकवान ने किसानों की कमर तोड़ी, बारिश-आंधी में भीग गई धान और सब्जी की फसल

​जामताड़ा: 

बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवाती तूफान अकवान का सीधा और व्यापक असर अब संथाल परगना के साथ-साथ जामताड़ा जिले में भी साफ तौर पर दिखाई देने लगा है। सुबह से ही हल्की आंधी के साथ हो रही बेमौसम बारिश ने जिले के किसानों की चिंता बढ़ा दी है। चक्रवाती तूफान से होने वाले संभावित और वास्तविक नुकसान का जायजा लेने के लिए ‘द फॉलो अप’ संवाददाता दीपक झा ने जिले के विभिन्न प्रखंडों और गांवों का दौरा कर एक विस्तृत ग्राउंड रिपोर्ट तैयार की है। 

धान की फसल भीगकर खराब हो रही है
​किसानों ने बताया कि इस तूफान और बारिश ने सबसे अधिक नुकसान धान की फसल को पहुंचाया है। वर्तमान में जिले में धान कटनी का दौर चल रहा है, जिसके चलते अधिकांश किसानों ने फसल काटकर खेतों में ही छोड़ रखी थी, लेकिन अचानक हुई बारिश और तेज हवा के कारण खेतों में रखा कटा हुआ धान भीग गया है और इसके पूरी तरह खराब होने का खतरा मंडराने लगा है। किसानों का कहना है कि इस वर्ष पिछले कई सालों की तुलना में धान की अच्छी पैदावार हुई थी, जिससे वे काफी उत्साहित और खुश थे। लेकिन आज की बारिश और आंधी ने उनकी महीनों की मेहनत और उम्मीदों पर पानी फेर दिया है।

​किसानों ने यह भी बताया कि जो धान की फसल अभी खेतों में खड़ी है और जिसकी कटाई नहीं हो सकी है, वह भी तेज हवा और पानी के कारण खेतों में झुक गई है। ऐसे में खड़ी फसल के भी खराब होने और उपज में भारी गिरावट आने की प्रबल आशंका जताई जा रही है।

धान के साथ सब्जियों की फसल को भी नुकसान
​धान के अलावा इस चक्रवाती तूफान से हरी सब्जियों की खेती को भी बड़ा झटका लगा है। किसानों के मुताबिक टमाटर, बैंगन और फूलगोभी जैसी हरी सब्जियों के साथ-साथ आलू की फसल को भी भारी नुकसान पहुंचने की आशंका है। लगातार हो रही नमी और हवा से सब्जियों के पौधों और फसलों के सड़ने या खराब होने का डर बना हुआ है। अपनी बर्बाद होती फसलों को देख परेशान किसानों ने अब प्रशासन और राज्य सरकार से आर्थिक सहायता व मुआवजे की गुहार लगाई है, ताकि वे इस संकट से उबर सकें।

Tags - Jharkhand NewsCyclonePaddy CropJamtara