जमशेदपुर:
Jamsedpur News: जमशेदपुर में पति-पत्नी के बीच चल रहा विवाद अब खौफनाक वारदात में बदल गया। पत्नी को एसिड डालकर जलाने की धमकी देने के बाद आरोपी पति ने गुरुवार रात कदमा थाना क्षेत्र के उलियान स्थित श्यामज पैलेस अपार्टमेंट के गैराज में खड़ी गाड़ियों में आग लगा दी। इस घटना में पत्नी की स्कूटी और साइकिल समेत अपार्टमेंट के कई अन्य लोगों के वाहन जलकर खाक हो गए। आगजनी की पूरी घटना अपार्टमेंट में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। वारदात के बाद आरोपी अपने साथी के साथ फरार हो गया।
पत्नी ने सिटी एसपी से की शिकायत, पति पर लगाए गंभीर आरोप
इस मामले में पीड़िता दीपा कुमारी ने सिटी एसपी को लिखित शिकायत देकर अपने पति अंकुर भगत पर गंभीर आरोप लगाए हैं। दीपा का आरोप है कि पति लगातार उसे एसिड डालकर जलाने की धमकी दे रहा था। उसने अपनी और बच्चों की जान को खतरा बताते हुए पहले भी कदमा थाना में मारपीट की शिकायत की थी। हालांकि, पीड़िता का आरोप है कि पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई। दीपा ने अपनी शिकायत में कहा है कि गुरुवार रात हुई आगजनी की घटना पहले से चल रहे विवाद का नतीजा है। उसने सिटी एसपी से अपनी और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
स्कूटी, बाइक और साइकिल समेत कई वाहन जले
आगजनी की घटना में दीपा कुमारी की स्कूटी और साइकिल के अलावा अपार्टमेंट निवासी विनय मिश्रा की बाइक और दो साइकिल तथा हीरा टुडू की स्कूटी भी जल गई। पीड़िता के मुताबिक, उसकी स्कूटी में बेटी की स्कूल फीस जमा करने और अन्य जरूरी कामों के लिए रखे गए दो लाख रुपये भी जल गए। घटना के बाद अपार्टमेंट के लोगों में आक्रोश है। शिकायत में पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि उस पर फ्लैट खाली करने का दबाव बनाया जा रहा है।
30 नवंबर 2025 को हुई थी दूसरी शादी
दीपा कुमारी ने शिकायत में बताया है कि पहले पति से तलाक के बाद उसने 30 नवंबर 2025 को ओडिशा के झारसुगुड़ा निवासी अंकुर भगत से दूसरी शादी की थी। अंकुर पेशे से ट्रांसपोर्ट कारोबारी है। दीपा के पहले पति से दो बच्चे हैं। शिकायत के अनुसार, शादी के बाद से ही दोनों के बीच किसी न किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। गुरुवार रात विवाद के बाद आगजनी की घटना हुई। वारदात को अंजाम देने के बाद अंकुर अपने एक साथी के साथ ट्रेन से फरार हो गया।