द फॉलोअप डेस्क, रांची:
जब सिस्टम ने मुंह मोड़ लिया और हुक्मरानों से पहल की उम्मीद धूमिल पड़ने लगी तो आमजन ने फावड़ा उठा लिया। दशकों से एक अदद पुल मांग रहे ग्रामीण जब सरकारी उदासीनता के आगे थकने लगे तो उन्हें श्रमदान की शक्ति ने संबल दिया। जब जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधि रसूख की रूई कान में डालकर सो रहे थे, ग्रामीण नदी पर पुल बांध रहे थे। मरणासन्न हो चुके महकमे की सड़ांध जब बर्दाश्त से बाहर हो गई तो गांव वालों ने आवागमन को सुगम बनाने की मुहिम शुरू कर दी। तस्वीरें पलामू जिले के नीलांबर-पीतांबर प्रखंड अंतर्गत जुरु पंचायत के जैतूखाड़ गांव की है। जैतूखाड़ गांव में गांव वाले सिस्टम की टूटी उम्मीदों पर हौसले का पुल बांध रहे हैं।

गांव में बुनियादी सुविधाओं की स्थिति बदहाल है
जैतूखाड़ गांव में बुनियादी सुविधाओं की बदहाल स्थिति बताने के लिए आवेदन की शक्ल में ये दस्तावेज काफी हैं। इन दस्तावेजों में पलामू के जुरु पंचायत की 1800 लोगों की आबादी की गुहार दर्ज है। इन कागजों में दर्ज समस्याओं ने सांसद और विधायक से लेकर बाबुओं के दफ्तरों तक का दरवाजा खटखटाया है, लेकिन प्रत्येक आवाज मानों सरकारी सिस्टम के भूल-भुलैया में कहीं गुम हो गई। गांव में ना तो पढ़ाई का इंतजाम है और न ही दवाई की सुविधा। 3 ओर नदी से घिरा जैतूखाड़ गांव दशकों से सरकार चुनने के बावजूद भगवान भरोसे है। यहां पक्की सड़क, पुल, सामुदायिक भवन और अस्पताल जैसी बुनियादी सुविधाओं का घोर अभाव है। विडंबना है कि राजनेता यहां वोट की गुहार लगाने तो पहुंचते हैं, लेकिन समस्याओं के निराकरण के सवाल पर ईद का चांद हो जाते हैं।

अमानत, जिंजॉय और मलय नदी से घिरा है जैतूखाड़
जैतूखाड़ गांव अमानत, जिंजॉय और मलय नाम की तीन नदियों से घिरा है। जैतूखाड़ के लोगों को यदि पांकी-मेदिनीनगर मुख्य मार्ग तक पहुंचना हो तो मलय नदी को पार करना पड़ता है। मानसून में जब अमानत, जिंजॉय और मलय नदी का जलस्तर बढ़ता है तो पूरा जैतूखाड़ गांव टापू में तब्दील हो जाता है। गांव का संपर्क प्रखंड और जिला मुख्यालय से पूरी तरह कट जाता है। यह हालत तब है, जबकि पलामू जिला मुख्यालय से इस गांव की दूरी केवल 8 किमी है। मानसून के उन करीब 6 महीने में बच्चे स्कूल नहीं जा पाते। मरीजों को अस्पताल पहुंचाना एक चुनौती बन जाती है।

सरकार और प्रशासन से है ग्रामीणों को शिकायत
ग्रामीणों की शिकायत सरकार और प्रशासन दोनों से है। इनका दावा है कि नदी पर पुल बनाने के लिए कई बार पलामू के उपायुक्त को आवेदन दिया। सांसद और विधायक से मिलकर गुहार लगाई। गांव वाले नहीं जानते कि उन आवेदनों पर लिखी समस्याओं को हुक्मरानों की नजरों से दो-चार होना नसीब हुआ या उन्हें रद्दी की टोकरी नसीब हुई। जब ग्रामीण सरकारी उदासीनता से हार गये तो मजबूरन हाथ में फावड़ा और गैंती उठा लिया। चंदा इकट्ठा किया और पाइप डालकर अस्थायी पुल का निर्माण करना शुरू किया। ये पुल भी बरसात में बह जायेगा।
चतरा लोकसभा और पांकी विधानसभा का हिस्सा है गांव
गौरतलब है कि जैतूखाड़ गांव चतरा लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आता है। यहां के सांसद भारतीय जनता पार्टी के कालीचरण सिंह हैं। कितने ताज्जुब की बात है कि भारत को विश्व गुरु बनाने की मुहिम छेड़ने वाली पार्टी के सांसद अपने इलाके में एक पुल नहीं बनवा पा रहे हैं। ये गांव पांकी विधानसभा सीट का हिस्सा है। विधायक शशिभूषण मेहता हैं। विधायक जी वोट मांगने तो जाते हैं, लेकिन विधानसभा पहुंचने के बाद वादा भूल जाते हैं।
श्रमदान में जुटे ग्रामीणों ने प्रशासन को दी है चेतावनी
श्रमदान में जुटे ग्रामीणों की प्रशासन से मांग है कि अस्थायी व्यवस्था से काम नहीं चलेगा। वे गांव को मानसून में और टापू बनते नहीं देख सकते। गांव वाले मलय नदी पर स्थायी पुल की मांग कर रहे हैं। गांव में पक्की सड़क और अस्पताल की भी मांग की है। उम्मीद है कि सिस्टम की तंद्रा टूटेगी। जैतूखाड़ गांव भी विकास के सरकारी दावों का हिस्सा बन सकेगा।