logo

गुमला में एसीबी ने महिला पंचायत सचिव को 8 हजार रुपये घूस लेते किया गिरफ्तार

BRIBE1.jpg

द फॉलोअप डेस्क
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) रांची की टीम ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए गुमला जिले के बिशुनपुर ब्लॉक की महिला पंचायत सचिव किरण कुसुम खलखो को 8 हजार रुपये घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार बिशुनपुर थाना क्षेत्र के चट्टी सेरका गांव निवासी परमेश्वर सिंह ने एसीबी रांची में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि ग्राम सभा द्वारा उन्हें अपनी जमीन पर कुआं मरम्मत कार्य के लिए चयनित किया गया था और काम भी पूरा हो चुका है। इसके बाद शेष राशि का भुगतान कराने और बिल पास करने के लिए पंचायत सचिव किरण कुसुम खलखो 8 हजार रुपये रिश्वत की मांग कर रही थीं। परमेश्वर सिंह रिश्वत देकर काम कराना नहीं चाहते थे, इसलिए उन्होंने इसकी शिकायत एसीबी से की। एसीबी की टीम ने शिकायत का सत्यापन किया, जिसमें आरोप सही पाए गए। इसके बाद एसीबी ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जाल बिछाया। गुरुवार को एसीबी की टीम ने बिशुनपुर ब्लॉक कार्यालय में कार्रवाई करते हुए महिला पंचायत सचिव किरण कुसुम खलखो को 8 हजार रुपये घूस लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल एसीबी आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।