logo

गढ़वा में बड़े भाई की लाठी से पीटकर हत्या कर दी, शराब को लेकर हुआ था झगड़ा

गढ़वा में बड़े भाई की लाठी से पीटकर हत्या कर दी, शराब को लेकर हुआ था झगड़ा

गढ़वा:

झारखंड के गढ़वा जिले के नगर ऊंटारी थानाक्षेत्र के मंगरदह गांव में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां छोटे भाई ने अपने ही बड़े भाई की बांस के मोटे डंडे से सिर पर प्रहार कर हत्या कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी सुरेश सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त बांस का डंडा भी बरामद किया गया है।

9 नवंबर की शाम को हुई थी वारदात
पुलिस के अनुसार, 9 नवंबर 2026 को शाम करीब 5:30 बजे नगर ऊंटारी थाना पुलिस को सूचना मिली कि मंगरदह गांव निवासी 55 वर्षीय दिलेश सिंह की हत्या कर दी गई है और उनका शव घर के अंदर पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अविनाश राज के नेतृत्व में पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। जांच के दौरान घर के अंदर दिलेश सिंह का शव बरामद हुआ। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, गढ़वा भेज दिया।

शराब के नशे में घर पहुंचा था आरोपी
मृतक के बड़े भाई बालेश्वर सिंह के फर्दबयान के अनुसार, 8 नवंबर की रात करीब 10:30 बजे दिलेश सिंह खाना खाने के बाद सोने चले गए थे। इसी दौरान उनके छोटे भाई सुरेश सिंह शराब के नशे में घर पहुंचे। किसी बात को लेकर दोनों भाइयों के बीच कहासुनी होने लगी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आक्रोशित सुरेश सिंह ने बांस के मोटे डंडे से दिलेश सिंह के सिर पर जोरदार प्रहार कर दिया। इस हमले में दिलेश सिंह की मौत हो गई।

पुलिस अधीक्षक, गढ़वा के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी सुरेश सिंह को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त बांस का डंडा भी बरामद कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।

Tags - Jharkhand NewsGarhwa NewsMurderCrime NewsGarhwa Police