logo

सारंडा में आईईडी ब्लास्ट, दो ग्रामीण गंभीर रूप से घायल

paschami_singhb.jpg

द फॉलोअप डेस्क

झारखंड स्थित पश्चिमी सिंहभूम जिला के सारंडा जंगल में आईईडी ब्लास्ट होने का मामला सामने आया है। बताते चलें कि, सारंडा अति संवेदनशील नक्सल प्रभावित क्षेत्र के अंतर्गत आता है। सारंडा के तिरीलपोशी जंगल में आईईडी विस्फोट हुआ जिसमें दो लोगों को गंभीर रूप से घायल होने की सूचना है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, तिरीलपोशी गांव के कुछ ग्रामीण रोजमर्रा की जरूरतों के लिए जंगल में लकड़ी और पत्ते इकट्ठा करने गए थे। इसी दौरान जमीन के भीतर छिपाकर लगाए गए प्रेशर आईईडी पर एक ग्रामीण का पैर पड़ गया। जिससे जोरदार धमाका हुआ वहीं, इस धमाके में दो लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा बल मौके पर पहुंचे। वहीं, एसपी अमित रेणु ने बताया कि हादसा अंधेरा होने के बाद हुआ। उन्होंने कहा कि फिलहाल, घायलों को सुरक्षित निकालकर बेहतर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है और इसके साथ ही इलाके में सर्च ऑपरेशन भी तेज कर दिया गया है। बहरहाल, एसपी ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए इसे नक्सलियों की हताशा और कायरता का प्रमाण बताया है। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को निशाना बनाना यह दर्शाता है कि नक्सली अपनी मौजूदगी दिखाने के लिए निर्दोष लोगों की जान से खिलवाड़ कर रहे हैं।

गौरतलब है कि, इस ब्लास्ट के बाद तिरीलपोशी और आसपास के गांव के ग्रामीणों में डर का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जंगलों में बिछाए गए ऐसे विस्फोटक आम ग्रामीणों के लिए जानलेवा साबित हो रहे हैं, जिससे उनका अब जंगल जाना भी जोखिम भरा हो गया है। फिलहाल पुलिस और सुरक्षा बल इस इलाके में अपनी मौजूदगी बनाये हुए हैं।

Tags - Saranda forest IED blast West Singhbhum explosion Tirildposhi jungle blast Jharkhand Naxal incident Pressure IED explosion Villagers injured in blast Anti Naxal operation Jharkhand SP Amit Renu statement Maoist violence India Security forces sear