द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
रांची के खरसीदाग ओपी क्षेत्र स्थित ICAR-इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ एग्रीकल्चरल बायोटेक्नोलॉजी के हॉस्टल में शनिवार को एक PHD छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान महाराष्ट्र निवासी प्रथमेश रायपुरे के रूप में हुई है। छात्र हॉस्टल के कमरे में बेसुध अवस्था में मिला, जिसके बाद संस्थान में हड़कंप मच गया। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर हॉस्टल में मौजूद लोगों ने दरवाजा तोड़कर कमरे में प्रवेश किया और प्रथमेश को अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद प्रथमेश रायपुरे को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद खरसीदाग ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने छात्र के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल छात्र की मौत किस वजह से हुई, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
प्रथमेश रायपुरे की मौत को लेकर फिलहाल कई सवाल बने हुए हैं। पुलिस हॉस्टल के कमरे और आसपास की परिस्थितियों की जांच कर रही है। मौत की वास्तविक वजह जानने के लिए पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। रिपोर्ट सामने आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि PHD छात्र की मौत किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।