logo

शराब के लिए पत्नी से हैवानियत, पैसे नहीं मिले तो पति ने हथौड़ी से किया कत्ल

crime15.jpg

द फॉलोअप डेस्क
रांची के पंडरा में शराब के पैसे न मिलने पर पति के हैवानियत का मामला सामने आया है। यहां शराब पीने के रुपए न मिलने से नाराज पति ने पत्नी की हथौड़ी से मारकर निर्मम हत्या कर दी। पत्नी का नाम पूनम एक्का है वहीं हैवान पति का नाम सुनील एक्का है। पत्नी की हत्या करने के बाद सुनील ने खुद पंडरा पुलिस थाना जाकर पुलिस को घटना की जानकारी दी। उसने पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल कर लिया। 


पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
मामले की जानकारी होने के बाद पुलिस सुनील को लेकर उसके घर पहुंची। पुलिस ने घर का जब दरवाजा खोला तो पूनम का शव खून में लथपथ फर्श पर पड़ा था। पुलिस ने तुरंत शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसके बाद आरोपी सुनील को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या में उपयोग किए गए हथौड़े को भी बरामद कर लिया है। 


दोनों के बीच धक्का मुक्की भी हुई
आरोपी सुनील ने पुलिस को बताया कि उसने अपनी पत्नी से शराब पीने के लिए पैसे मांगे थे। पत्नी ने पैसे देने से इंकार कर दिया। दोनों के बीच बहस हुई और बात धक्का मुक्की तक पहुंची गई। इसी बीच उसने अपना आपा खोकर पूनम पर हथौड़े से हमला कर दिया। पालकोट का निवासी है। वहीं उसकी पत्नी सिसई की रहने वाली थी। दोनों रांची में मजदूरी करते थे।