द फॉलोअप डेस्क
गिरिडीह के बरनी मुख्य मार्ग पर बाघमारा के समीप शनिवार की दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में सिरसिया के होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. अभिषेक भारद्वाज की मौके पर ही मौत हो गई। वे बाइक से कहीं जा रहे थे, इसी दौरान एक तेज रफ्तार मालवाहक ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि डॉक्टर अभिषेक की मौके पर ही जान चली गई। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने ट्रक चालक को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। बाद में सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने चालक को भीड़ से छुड़ाकर अपनी हिरासत में ले लिया और वाहन को जब्त कर लिया।
स्थानीय लोगों के अनुसार मृतक डॉ. अभिषेक भारद्वाज क्षेत्र के एक लोकप्रिय और सेवाभावी चिकित्सक थे। उनकी असमय मौत से इलाके में शोक की लहर है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। जिला प्रशासन से स्थानीय लोगों की मांग है कि दुर्घटनास्थल पर ट्रैफिक नियंत्रण के लिए उचित व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
