दुमका
झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने रविवार, 2 फरवरी को अपना 46वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया। इसे झारखंड दिवस के रूप में मनाने के लिए व्यापक तैयारियां की गई थीं। इस अवसर पर राजमहल सांसद विजय हांसदा और दुमका विधायक बसंत सोरेन के नेतृत्व में एक भव्य रैली निकाली गई, जिसमें हजारों की संख्या में महिला एवं पुरुष शामिल हुए। यह रैली संथाल परगना महाविद्यालय मैदान से प्रारंभ होकर गांधी मैदान पहुंची। मार्ग में सांसद और विधायक ने शहीद सिदो कान्हू और वीर कुंवर सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन विशेष चार्टर प्लेन से इस कार्यक्रम में भाग लेने दुमका पहुंचे। उनके साथ उनकी पत्नी एवं गांडेय विधायक कल्पना सोरेन भी उपस्थित थीं। हवाई अड्डे पर मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया गया और उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया। एयरपोर्ट से मुख्यमंत्री सीधे अपने पैतृक गांव खिजुरिया स्थित आवास पहुंचे। रात करीब सात से आठ बजे के बीच वे गांधी मैदान पहुंचे, जहां उन्होंने झामुमो का झंडा फहराकर समारोह की विधिवत शुरुआत की। इस अवसर पर संथाल परगना के झामुमो से संबंधित सभी विधायक और सांसद मौजूद रहे।
संथाल परगना के सभी छह जिलों से जुटे लोग
झामुमो के इस विशाल आयोजन में संथाल परगना के सभी छह जिलों—दुमका, देवघर, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज और गोड्डा से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और आम जनता ने भाग लिया। भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षा बनाए रखने के लिए प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए थे। दुमका जिला पुलिस बल के अलावा अन्य जिलों से भी सुरक्षाकर्मियों को बुलाया गया था। गांधी मैदान में ही 400 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया, जिनमें कांस्टेबल, एसआई, इंस्पेक्टर से लेकर डीएसपी स्तर तक के अधिकारी शामिल थे।