logo

Ranchi salary issue : छठ से पहले HEC कर्मियों के वेतन पर रोक, 32 महीने से बकाया सैलरी को लेकर मजदूरों में आक्रोश

छठ से पहले HEC कर्मियों के वेतन पर रोक, 32 महीने से बकाया सैलरी को लेकर मजदूरों में आक्रोश

द फॉलोअप डेस्क: 

Ranchi salary issue: भारी इंजीनियरिंग निगम (HEC) में राष्ट्रीय कंपनी विधि न्यायाधिकरण (NCLT) द्वारा नियुक्त अधिकारी के बयानों के बाद कर्मचारियों और मजदूरों में भारी आक्रोश है। लोक आस्था के महापर्व छठ से ठीक पहले कर्मचारियों के वेतन भुगतान पर रोक लगाने के फैसले को HEC मजदूर संघ ने शर्मनाक और अमानवीय करार दिया है। HEC मजदूर संघ के महामंत्री रमाशंकर प्रसाद ने इस पर कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि कर्मचारियों का 32 महीने का वेतन बकाया है। उन्होंने कहा कि देश में ऐसा कोई कानून नहीं है, जो मजदूरों की कड़ी मेहनत से अर्जित वेतन के भुगतान को रोकने की अनुमति देता हो। इसके बावजूद वेतन भुगतान बाधित करना न केवल चिंताजनक है, बल्कि मजदूरों के अधिकारों का भी हनन है।

वेतन नहीं मिलने से बढ़ा आक्रोश
रमाशंकर प्रसाद ने कहा कि एक ओर पूरा देश और कर्मचारी छठ महापर्व की तैयारियों में जुटे हैं, वहीं दूसरी ओर प्रबंधन या NCLT के अधिकारियों की ओर से इस तरह का आदेश जारी करना मजदूरों के जख्मों पर नमक छिड़कने जैसा है। त्योहार के समय वेतन नहीं मिलने से HEC के हजारों कर्मचारियों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। बच्चों की पढ़ाई, घर का खर्च और छठ पर्व के लिए जरूरी सामानों की खरीदारी प्रभावित हो रही है। इससे मजदूरों में बेचैनी बढ़ती जा रही है। मजदूर संघ ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते कर्मचारियों को उनकी मेहनत की कमाई का भुगतान नहीं किया गया, तो संघ आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।
 

 

Tags - Jharkhand News Jharkhand Latest News HEC Ranchi salary issue HEC employees salary pending