द फॉलोअप डेस्क
बरही थाना क्षेत्र के बरही चौक स्थित "जय माता दी ज्वेलर्स" में हुई सनसनीखेज लूट की वारदात का खुलासा हज़ारीबाग पुलिस ने मात्र 24 घंटे के भीतर कर दिया है। पुलिस ने 3 अपराधियों को गिरफ्तार करते हुए लूटे गए सभी सोना-चांदी के आभूषण, प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन, मोटरसाइकिल एवं हथियार बरामद कर लिए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार 16 नवंबर की रात को जब दुकान मालिक सुरेंद्र कुमार अपनी कार में सोना-चांदी के जेवरात से भरे चार बैग रख रहे थे, तभी चार हथियारबंद अपराधियों ने फायरिंग कर शीशा तोड़कर लूट को अंजाम दिया था। घटना के बाद पीड़ित के बयान पर बरही थाना में कांड संख्या- 439/25 दर्ज किया गया था।
वहीं इसकी गंभीरता को देखते हुए, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए न केवल तीन मुख्य अपराधियों को गिरफ्तार किया है, बल्कि लूटे गए लगभग 1.5 करोड़ रुपये मूल्य के सभी आभूषण, घटना में प्रयुक्त वाहन और हथियार भी बरामद किया गया। 
इसके बाद सूचना मिली कि अन्य अपराधी चौपारण से शेरघाटी की ओर भाग रहे हैं। चोरदाहा चेकपोस्ट पर लगाए गए एंटी-क्राइम चेकिंग में दो अपराधी दबोच लिए गए। इनके पास से लूटे गए जेवरात और हथियार बरामद हुए। बरामद वस्तुओं में 46 ग्राम सोना, 200 ग्राम संखा/पोला, और लगभग 12.760 किलो चांदी के जेवरात शामिल हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत लगभग 1.5 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
गिरफ्तार किये गए अपराधियों में धनन्जय चौधरी उर्फ छोटू गया और चतरा जिलों में आर्म्स एक्ट, लूट और उगाही समेत कुल 9 मामलों में वांछित रहा है। वहीं, इंद्रराज चौधरी और रौशन यादव भी पहले कई लूट और अन्य आपराधिक घटनाओं में शामिल रहे हैं। .jpeg)
बरही एसडीपीओ अजीत कुमार विमल के नेतृत्व में गठित विशेष जांच दल ने इस मामले को सुलझाने के लिए तकनीक और गुप्त सूचना का इस्तेमाल किया। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर, टीम ने सबसे पहले सहयोगी आरोपी इंद्रराज चौधरी को रांची से हिरासत में लिया और फिर इंद्रराज की निशानदेही पर, चतरा जिले के मायापुर स्थित उसके घर से कांड में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन और एक देसी कट्टा बरामद किया गया।