logo

हजारीबाग : काफिला छोड़ बाइक से छठ घाट पहुंचे सांसद मनीष जायसवाल

काफिला छोड़ बाइक से छठ घाट पहुंचे सांसद मनीष जायसवाल

हजारीबाग:
Hazaribagh News:
लोकआस्था और सूर्योपासना के महापर्व छठ के अवसर पर सोमवार की अहले सुबह हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल ने अपनी सादगी और सहजता की मिसाल पेश की। छठ महापर्व के उषा अर्घ्य के दौरान छठ महाव्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसे ध्यान में रखते हुए सांसद गाड़ियों के लंबे काफिले के बजाय बाइक से विभिन्न छठ घाटों तक पहुंचे। उन्होंने शहर के विभिन्न छठ मार्गों का भ्रमण कर छठ पूजा समितियों का उत्साहवर्धन किया और श्रद्धालुओं के बीच पहुंचकर पर्व की खुशियां साझा कीं।

आकर्षक पुष्प सज्जा और विद्युत सज्जा का किया अवलोकन
इस दौरान सांसद मनीष जायसवाल ने हजारीबाग के विभिन्न छठ मार्गों पर की गई आकर्षक पुष्प सज्जा और विद्युत सज्जा का अवलोकन किया। बाइक से विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए वे हुड़हुड़ू स्थित जोड़ा तालाब छठ घाट और लंबा तालाब छठ घाट पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान भास्कर को उषा अर्घ्य अर्पित किया और छठ महाव्रतियों से आशीर्वाद प्राप्त किया।

जोड़ा तालाब और लंबा तालाब छठ घाट पर हुआ स्वागत
सांसद मनीष जायसवाल के घाटों पर पहुंचने पर छठ महाव्रतियों, श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने उनका आत्मीय अभिनंदन किया। हुड़हुड़ू जोड़ा तालाब छठ घाट पर नगर निगम के डिप्टी मेयर अविनाश कुमार यादव और समाजसेवी सह वार्ड पार्षद प्रतिनिधि नीरज कुमार ने उन्हें चुनरी ओढ़ाकर सम्मानित किया। वहीं, लंबा तालाब छठ घाट पर सांसद प्रतिनिधि सह BJP नेत्री रेणुका साहू और समाजसेवी दिलीप साहू ने तिलक लगाकर उनका स्वागत किया।

BJP नेत्री सीमा पासवान के आवास पर भी पहुंचे सांसद
इसके अलावा BJP नेत्री सीमा पासवान और अनूप अग्रवाल ने अपने आवास पर परिवार के सदस्यों के साथ सांसद मनीष जायसवाल का आत्मीय स्वागत किया। यहां सांसद ने अपने घर पर ही भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। इसके पश्चात वे पत्रकार प्रमोद खंडेलवाल और रितेश खंडेलवाल के आवास पहुंचे, जहां उन्होंने छठ का पारंपरिक प्रसाद ग्रहण किया।

सादगी और सहज कार्यशैली की श्रद्धालुओं ने की सराहना
छठ महापर्व के दौरान सांसद मनीष जायसवाल की साफगोई, सादगी, सक्रियता और सर्वसुलभ कार्यशैली की श्रद्धालुओं ने खूब सराहना की। लोगों का कहना था कि जनप्रतिनिधि की वास्तविक पहचान जनता के बीच उनकी सहज उपस्थिति और संवेदनशील व्यवहार से होती है। काफिले और औपचारिकताओं से दूर बाइक से घाटों तक पहुंचकर सांसद मनीष जायसवाल ने न केवल छठ समितियों का उत्साह बढ़ाया, बल्कि श्रद्धालुओं के प्रति अपनी संवेदनशीलता और साधारण जीवनशैली का भी परिचय दिया। इस दौरान सांसद मनीष जायसवाल के साथ उनके लोकसभा क्षेत्र के सांसद मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी भी मौजूद रहे।

Tags - Hazaribagh Manish Jaiswal Chhath Puja Chhath Ghat Jharkhand News