द फॉलोअप डेस्क:
पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले की ईटाहार थाना पुलिस ने साहिबगंज के बरहरवा रेलवे स्टेशन पर कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय चोर गिरोह के कथित सरगना हसन चिकना को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी रांची से चोरी किए गए सोने की कथित डिलीवरी करने के बाद ट्रेन से अपने घर लौट रहा था। उसकी गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद ईटाहार पुलिस ने बरहरवा स्टेशन पर पहले से निगरानी शुरू कर दी थी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इंस्पेक्टर अभिषेक साह के नेतृत्व में करीब दो दर्जन पुलिस पदाधिकारियों की टीम सादे कपड़ों में स्टेशन परिसर में तैनात थी। जैसे ही संदिग्ध ट्रेन से उतरकर स्टेशन परिसर में पहुंचा, उसे पुलिस की मौजूदगी का संदेह हुआ और उसने भागने की कोशिश की। हालांकि, पहले से मुस्तैद पुलिस टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।
.jpeg)
बरामदगी को लेकर जांच जारी
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी के कब्जे से करीब 5 से 7 किलो सोना बरामद होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, बरामद सोने की वास्तविक मात्रा, शुद्धता और अनुमानित कीमत की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है। पुलिस की ओर से बरामदगी से जुड़ी विस्तृत जानकारी जांच पूरी होने के बाद सामने आने की बात कही जा रही है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को बरहरवा जीआरपी थाना लाया गया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद ईटाहार पुलिस उसे अपने साथ पश्चिम बंगाल ले गई।

कांड संख्या 339/26 में था वांछित
बरहरवा जीआरपी से मिली जानकारी के अनुसार, हसन चिकना ईटाहार थाना कांड संख्या 339/26 में पुलिस का वांछित आरोपी था। उसकी तलाश में जुटी ईटाहार पुलिस को उसके बरहरवा पहुंचने की सूचना मिली थी। इसके बाद स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय कर स्टेशन पर गिरफ्तारी की योजना तैयार की गई। पुलिस के अनुसार, आरोपी का नाम अलग-अलग राज्यों में हुई सोना चोरी की घटनाओं से जुड़ा बताया जा रहा है। साहिबगंज के बरहरवा थाना क्षेत्र के माधवापाड़ा और राधानगर थाना क्षेत्र के पियारपुर समेत कुछ अन्य स्थानों पर भी उसके ठिकाने होने की जानकारी पुलिस को मिली है। हालांकि, इन मामलों में उसकी भूमिका और आरोपों की पुष्टि संबंधित थानों में दर्ज प्राथमिकी और चल रही जांच के आधार पर ही होगी। फिलहाल ईटाहार पुलिस आरोपी को अपने साथ ले गई है। पुलिस उससे बरामद सोने के स्रोत, उसकी कथित डिलीवरी और अंतरराज्यीय चोरी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है।