logo

पुलिस बहाली की दौड़ के लिए प्रैक्टिस कर रहीं 2 बहुओं को हाइवा ने कुचला, इस शहर का है मामला

ACCIDENT9.jpg

द फॉलोअप डेस्क 
दुमका जिले के हंसडीहा थाना क्षेत्र के महेशखंदा गांव में रविवार को एक अनियंत्रित हाइवा की चपेट में आने से 2 युवतियों की मौत हो गई। वहीं एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई है। तोनों  पुलिस में होने वाली बहाली की तौयारी कर रही थी। दोनों मृतका शादीशुदा थीं और उनका आपस में गोतनी का रिश्ता था। घटना के बाद गांव के लोगों ने आक्रोश में आकर NH-114 A दुमका-भागलपुर मार्ग को जाम कर दिया। गांव वाले मुआवजे के तौर पर घर के 2 लोगों को सरकारी नौकरी देने की मांग कर रहे हैं। 

मिली जानकारी के अनुसार मृतका  प्रियंका कुमारी (21 वर्ष), सोनी कुमारी (22 वर्ष) और घायल पूजा कुमारी (18 वर्ष) दौड़ का अभ्यास कर रही थीं।  इसी दौरान दुमका-भागलपुर मार्ग पर एक अनियंत्रित हाइवा ने तीनों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर मारने के बाद हाइवा पेड़ से टकरा गया और चालक वहां से फरार हो गया। घटना में प्रियंका कुमारी और सोनी कुमारी की मौके पर ही मौत हो गयी। वहीं पूजा कुमारी को फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया। यहां उसका इलाज चल रहा है। 

गांव वाले एक ही परिवार की 2 बहुओं की मौत के बाद आक्रोश में हैं। उन्होंने NH-114 A दुमका-भागलपुर मार्ग को जाम कर दिया है। दोनों शव को घटनास्थल पर ही रख कर प्रदर्शन किया जा रहा है। लगभग 6 घंटे से सड़क जाम है, जिससे वाहनों की लंबी कतार लग गई है। गांव वाले मृतका के घर के 2 सदस्यों को मुआवजे के तौर पर सरकारी नौकरी देने की मांग कर रहे हैं। साथ ही  हाइवा के चालक को गिरफ्तार करने की भी मांग कर रहे हैं। 
वहीं घटना की जानकारी मिलने के बाद जरमुंडी के SDPO संतोष कुमार सहित हंसडीहा और सरैयाहाट थाना के प्रभारी मौके पर पहुंचे। SDPO ने लोगों को समझाने का प्रयास किया लेकिन लोग अपनी मांग पर अड़े हैं। SDPO संतोष कुमार ने कहा कि सड़क दुर्घटना में 2 महिलाओं की मौत हुई है। दोनों एक ही घर की बहुएं थी। वहीं घायल पूजा कुमारी उनके घर के बगल में ही रहती है। पूजा कुमारी अस्पताल में भर्ती है, उसे अब तक होश नहीं आया है। उन्होंने कहा कि जाम हटाने के लिए लोगों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है।


 

Tags - झारखंड न्यूज झारखंड लेटेस्ट न्यूज दुमका न्यूज Jharkhand News Jharkhand Latest News Dumka News