रांची
कान्हा मटका फोड़ प्रतियोगिता समिति के तत्वावधान में गुरुवार को राजधानी रांची के रातू रोड में भव्य एवं आकर्षक कान्हा मटका फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन अध्यक्ष उत्तम यादव एवं मुख्य संरक्षक मृत्युंजय सिंह के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। पूरा बिड़ला मैदान हजारों की संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं एवं दर्शकों से खचाखच भरा रहा। मटका फोड़ प्रतियोगिता में विभिन्न टीमों ने पूरे उत्साह और जोश के साथ भाग लिया। प्रतियोगिता में प्रमुख रूप से शिव शक्ति जन कल्याण, मांडर, शिव शक्ति क्लब मालती मांडर, श्री राम सेना बिरसा मैदान, श्री राम सेवा समिति मांडर, बजरंग दल मालती मांडर एवं नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ योगा की टीमों ने हिस्सा लिया। इस आयोजन की खास बात यह रही कि महिला टीमों ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। राधा रानी मांडर एवं नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ योगा की महिला टीमों ने मटका फोड़ प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर दर्शकों का उत्साह बढ़ाया।
.jpeg)
प्रथम स्थान के लिए को 31 हजार पुरस्कार राशि
मटका फोड़ प्रतियोगिता में मांडर की बजरंग दल मालती टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ योगा की टीम दूसरे स्थान पर रही, जबकि शिव शक्ति क्लब मालती, मांडर की टीम ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। महिला वर्ग में राधा रानी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान के लिए को 31 हजार रुपये, द्वितीय स्थान के लिए 21 हजार रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 11 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के कानपुर से आई स्काई इवेंट ग्रुप की झांकी टीम ने अपनी मनमोहक एवं भव्य प्रस्तुतियों से दर्शकों का दिल जीत लिया। कानपुर राकेश सोनी के नेतृत्व में प्रस्तुत झांकियों में श्री गणेश, राधा-कृष्ण, सुदामा, विष्णु अवतार, मां दुर्गा का काली एवं महिषासुर मर्दिनी स्वरूप, शिव-पार्वती एवं महाकाल तांडव तथा नरसिंह अवतार जैसी धार्मिक एवं पौराणिक झांकियां प्रमुख आकर्षण रहीं।

आध्यात्मिक एवं भक्तिमय वातावरण
झांकियों की भव्य प्रस्तुति ने पूरे कार्यक्रम में आध्यात्मिक एवं भक्तिमय वातावरण बना दिया। भगवान श्रीकृष्ण एवं राधा रानी के स्वरूप में शामिल छोटे-छोटे बच्चों ने भी अपनी मनमोहक प्रस्तुति से उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। आयोजन स्थल पर श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की भक्ति, संस्कृति और परंपरा का अद्भुत संगम देखने को मिला। हजारों लोगों की मौजूदगी और कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया। कान्हा मटका फोड़ प्रतियोगिता समिति ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी टीमों, कलाकारों, श्रद्धालुओं, दर्शकों एवं आयोजन से जुड़े सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में मुख्य रूप से महामंत्री प्रेम प्रतीक बमबारी, विपुल मिश्रा, दिलीप गुप्ता, निशांत चौहान, रोहित यादव, शुभम निखिल गुप्ता, प्रकाश सिन्हा सहित कई लोग शामिल थे l