द फॉलोअप डेस्क, रांची
रांची के हिंदपीढ़ी इलाके में टाइगर मोबाइल के जवानों पर हुए हमले के बाद पुलिस ने अपनी गश्त और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की तैयारी शुरू कर दी है। अब फील्ड में तैनात टाइगर मोबाइल के ASI और सिपाही हथियार के साथ गश्त करते नजर आएंगे। न्यू पुलिसलाइन में हुई क्राइम मीटिंग में रांची के एसएसपी राकेश रंजन ने पुलिस अधिकारियों के साथ शहर की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। बैठक में तय किया गया कि टाइगर मोबाइल के जवानों की मौजूदगी उन इलाकों में बढ़ाई जाएगी, जहां अपराध की आशंका ज्यादा रहती है।

क्या था पूरा मामला?
राजधानी रांची के हिंदपीढ़ी थाना क्षेत्र के निजाम नगर में बुधवार रात ब्राउन शुगर की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस को इलाके में नशीले पदार्थ की बिक्री की सूचना मिली थी। इसके बाद टाइगर मोबाइल की टीम संदिग्ध तस्कर को पकड़ने पहुंची थी। जवानों ने जैसे ही आरोपी को हिरासत में लेने की कोशिश की, मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने पुलिस की कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया। पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों के बीच विवाद ने अचानक उग्र रूप ले लिया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में धक्का-मुक्की और मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान टाइगर मोबाइल का एक जवान घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई और पुलिस ने हालात पर नजर बनाए रखी।
संवेदनशील स्थानों पर लगातार पेट्रोलिंग पर जोर
बैंक, ATM, ज्वेलरी शॉप, स्कूल-कॉलेज और दूसरे महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों के आसपास पुलिस की निगरानी बढ़ाने का निर्देश दिया गया है। पुलिस को खास तौर पर संवेदनशील स्थानों पर लगातार पेट्रोलिंग करने को कहा गया है। पुलिसकर्मियों की तैनाती को लेकर भी बदलाव किया जाएगा। लंबे समय से एक ही इलाके में ड्यूटी कर रहे जवानों को हटाकर दूसरे पुलिसकर्मियों को जिम्मेदारी देने की तैयारी है, ताकि इलाके में पुलिसिंग का तरीका और निगरानी दोनों प्रभावी रहें।
9 आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
हिंदपीढ़ी की घटना के बाद टाइगर मोबाइल के जवानों को हथियार चलाने की विशेष ट्रेनिंग भी दी जाएगी। पुलिस का फोकस अब सिर्फ गश्त तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जवानों को ज्यादा तैयार किया जाएगा। इधर, हमले के मामले में पुलिसकर्मी आरिफ आलम के बयान पर चार नामजद और पांच अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने चार संदिग्धों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।