द फॉलोअप डेस्क, रांची:
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बुधवार को झारखंड मंत्रालय में नगर विकास एवं आवास विभाग और पथ निर्माण विभाग के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सभी विकास योजनाओं को गुणवत्तापूर्ण और तय समय-सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया। बैठक में रांची के रोड नेटवर्क, फ्लाईओवर, पार्क, चौक-चौराहे, ट्रैफिक, ड्रेनेज और मास्टर प्लान की समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि शहर के बढ़ते विस्तार और आबादी को देखते हुए लंबी अवधि की विकास योजना तैयार की जाए। रांची के साथ राज्य के अन्य प्रमुख शहरों को भी आधुनिक सुविधाओं से विकसित करने पर जोर दिया गया।

सड़क के साथ ड्रेनेज भी जरूरी
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि नई सड़कों के निर्माण के साथ ही दोनों किनारों पर वैज्ञानिक तरीके से ड्रेनेज सिस्टम बनाया जाए। बारिश के दौरान जलजमाव वाले इलाकों को चिन्हित कर वहां बेहतर जल निकासी की व्यवस्था करने को कहा गया। पुरानी सड़कों पर भी ड्रेनेज की समस्या का तकनीकी अध्ययन कर सुधार के निर्देश दिए गए।
वेंडर्स के लिए बनेगा व्यवस्थित स्थान
सड़क किनारे ठेला और गुमटी लगाकर रोजी-रोटी कमाने वाले वेंडर्स के लिए व्यवस्थित जगह उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। मुख्यमंत्री ने हर वार्ड में जरूरत के अनुसार वेंडर मार्केट विकसित करने की बात कही, ताकि जाम की समस्या कम हो और वेंडर्स की आजीविका भी प्रभावित न हो।
ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार पर जोर
रांची की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए शहर में चलने वाली बसों, उनके रूट और समय-सारणी का डेटा तैयार करने को कहा गया। अनावश्यक सड़क कटों को बंद कर सुरक्षित टर्निंग की व्यवस्था करने का भी निर्देश दिया गया।

लटकते तार और अतिक्रमण पर कार्रवाई
मुख्यमंत्री ने सड़कों और चौक-चौराहों पर लटकते बिजली, टेलीकॉम और अन्य केबल तारों को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए। पेड़ों पर लटक रहे अनावश्यक तारों को हटाने और उपयोगी तारों को सुरक्षित तरीके से लगाने को कहा गया। इसके अलावा सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे और सड़क किनारे अतिक्रमण को चिन्हित कर नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि शहरों का विकास केवल निर्माण तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि लोगों को बेहतर, सुरक्षित और व्यवस्थित सुविधाएं मिलनी चाहिए।