द फॉलोअप डेस्क
बड़कागांव एनटीपीसी ग्राम सभा में हुई हिंसक झड़प का मामला एक बार फिर सुर्खियों में है। विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार, बड़कागांव थाना में दर्ज कांड संख्या 207/25 और 208/25 के नामजद अभियुक्तों को जिला न्यायालय से मिली अंतरिम जमानत के खिलाफ राज्य सरकार अब उच्च न्यायालय में अपील दायर करने की तैयारी कर रही है। बताया जा रहा है कि यह फैसला सरकार के शीर्ष स्तर पर लिया गया है ताकि कानून-व्यवस्था से जुड़े ऐसे मामलों में सख्त संदेश दिया जा सके।
.jpeg)
जानकारी के मुताबिक, एनटीपीसी के ग्राम सभा के दौरान स्थानीय ग्रामीणों और प्रशासन के बीच विवाद इतना बढ़ गया था कि स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई थी। इस झड़प में एनटीपीसी के कई अधिकारी घायल हो गए थे, जिसके बाद बड़कागांव थाना में गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। यह मामला धारा 191(2), 191(3), 190, 195 समेत कई अन्य प्रावधानों के तहत पंजीकृत है। सूत्रों के अनुसार, इस प्रकरण में अभियुक्त विनय महतो, विकास महतो सहित कई अन्य की जल्द गिरफ्तारी की तैयारी चल रही है।

प्रशासनिक सूत्रों ने स्पष्ट किया है कि इस पूरे मामले में विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। जिला प्रशासन ने कहा है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी और सरकार अदालत में अपना पक्ष मजबूती से रखेगी। साथ ही, पुलिस ने घटना से संबंधित कई वीडियो फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान को सबूत के रूप में संकलित किया है, जो आगे की कार्रवाई में अहम भूमिका निभाएंगे। प्रशासन का कहना है कि यह मामला केवल एक विवाद नहीं, बल्कि कानून के प्रति सम्मान और व्यवस्था की परीक्षा बन गया है।