द फॉलोअप डेस्क
नाइजर अपहरण मामले में आज आजसू पार्टी के नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल गिरिडीह जिले के बगोदर पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल में गोमिया के पूर्व विधायक लंबोदर महतो, केंद्रीय महासचिव संजय मेहता, केंद्रीय महासचिव यशोदा देवी, बगोदर विधानसभा प्रभारी अनूप पांडेय, जिला परिषद सदस्य एवं पार्टी के वरिष्ठ नेता छक्कन महतो तथा प्रताप सिंह शामिल थे। इस अवसर पर दोंदलों पंचायत के मुखिया तुलसी तलवार एवं सामाजिक कार्यकर्ता सिकंदर अली भी उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल ने दोंदलों पंचायत के राजू महतो, फलजीत महतो, चंद्रिका महतो, संजय महतो एवं मुंडरो पंचायत के उत्तम महतो से मुलाकात की तथा उनके परिजनों से भी भेंट कर उनका हाल-चाल जाना। साथ ही सरकार से इन मजदूरों को नियोजित करने की मांग की।

गौरतलब है कि 25 अप्रैल 2025 को पश्चिम अफ्रीकी देश नाइजर में इन पाँचों भारतीय मजदूरों का अंतरराष्ट्रीय आतंकी संगठन द्वारा अपहरण कर लिया गया था। इस गंभीर और संवेदनशील मामले के सामने आते ही आजसू पार्टी के केंद्रीय महासचिव एवं हजारीबाग लोकसभा के पूर्व प्रत्याशी संजय मेहता ने विदेश मंत्रालय, नाइजर स्थित भारतीय दूतावास तथा दिल्ली स्थित नाइजर दूतावास से लगातार संपर्क स्थापित किया। इस क्रम में उन्होंने दिल्ली जाकर नाइजर दूतावास में ज्ञापन भी सौंपा और सतत वार्ता की। साथ ही, इस मानवीय संकट के समाधान हेतु एक अफ्रीकी एनजीओ की सहायता भी ली गई। अपहरणकर्ता इन मजदूरों को आठ माह 11 दिन तक अपने चंगुल में रखे हुए थे। निरंतर और सफल वार्ता के बाद अंततः सभी मजदूरों को रिहा कराया गया। मुंबई में स्वास्थ्य परीक्षण एवं आवश्यक औपचारिकताओं के पश्चात अब सभी मजदूर सुरक्षित अपने-अपने घर पहुँच चुके हैं।
