logo

रांची विश्वविद्यालय का सत्र नियमित करने के लिए वैकल्पिक मार्ग अपनाए सरकार: अभाविप

ABVP321.jpg

रांची
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के प्रतिनिधिमंडल ने आज रांची में झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार से भेंट कर उच्च शिक्षा से जुड़ी कई अहम मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व अभाविप के झारखंड प्रांत मंत्री मनोज सोरेन ने किया।
ज्ञापन में प्रमुख रूप से रांची विश्वविद्यालय सहित सभी विश्वविद्यालयों व महाविद्यालयों में शिक्षकों की नियुक्ति, नियमित सत्र संचालन, छात्र संघ चुनाव कराने और उच्च शिक्षा में युवाओं की घटती भागीदारी जैसे विषय शामिल थे।
मनोज सोरेन ने कहा कि राज्य में शिक्षकों की भारी कमी के चलते पठन-पाठन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। अधिकांश विश्वविद्यालयों में सत्र नियमित नहीं हैं और छात्रों को एक सत्र पूरा करने में अतिरिक्त समय लग रहा है, जो उनके भविष्य के लिए घातक है।


उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में वर्ष 2019 के बाद किसी भी कॉलेज या विश्वविद्यालय में छात्र संघ चुनाव नहीं हुए हैं। यह न सिर्फ दुर्भाग्यपूर्ण है बल्कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया से छात्रों को दूर करने जैसा है। छात्र संघ चुनाव कॉलेज कैंपस में लोकतंत्र की पहली सीढ़ी होते हैं, जो छात्रों को नेतृत्व का अनुभव देते हैं और उनके अधिकारों के लिए आवाज उठाने का मंच प्रदान करते हैं। अभाविप प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश अध्यक्ष मौसमी पॉल, क्षेत्रीय संगठन मंत्री याज्ञवल्क्य शुक्ल, प्रांत संगठन मंत्री नीलेश कटारे भी शामिल रहे।

Tags - Jharkhand News News Jharkhand Jharkhand।atest News News Jharkhand।ive Breaking।atest