logo

‘आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार’, एक ही दिन में लाखों लोगों तक पहुंची सरकारी सेवाएं, रांची में मेगा ड्राइव

RANCHI1111.jpg

रांची 
झारखंड राज्य के रजत जयंती वर्ष में रांची जिले के विभिन्न स्थानों पर ‘आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार’ कार्यक्रम के तहत विशाल जनसेवा शिविरों का आयोजन हुआ। इन शिविरों में लाखों लोगों ने एक ही छत के नीचे पेंशन, आवास, धोती-साड़ी, दाखिल-खारिज, प्रमाण-पत्र, आधार-पैन, स्वास्थ्य जांच जैसी सैकड़ों योजनाओं का लाभ प्राप्त किया। यह अब तक का सबसे बड़ा जनसेवा अभियान रहा, जिसमें ग्रामीण पंचायतों से लेकर नगर निगम के वार्डों तक 100 से अधिक जगहों पर सुबह से शिविर लगते ही भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
एक ही स्थान पर 20 से अधिक विभागों की जानकारी, आवेदन, ऑन-द-स्पॉट स्वीकृति और परिसंपत्ति वितरण होने से लोगों में उत्साह का माहौल दिखा। सुबह 10 बजे शुरू हुए शिविर शाम तक जारी रहे और हजारों लाभुकों के चेहरे पर संतोष और राहत स्पष्ट दिखाई दी।

अभियान के प्रमुख शिविर
अनगड़ा, बेड़ो, बुण्डू, बुढ़मू, चान्हो, ईटकी, कांके, खलारी, लापुंग, माण्डर, नगड़ी, नामकुम, ओरमांझी, राहे, रातु, सिल्ली, सोनाहातु, तमाड़ सहित रांची नगर निगम के वार्ड 16 से 23 तक में शिविर आयोजित हुए, जहाँ सेवाओं के लिए भारी भीड़ जुटी।

शिविरों में मिली प्रमुख सुविधाएं
•    सामाजिक सुरक्षा पेंशन (वृद्धावस्था, विधवा, दिव्यांग) के लंबित व नए स्वीकृति पत्रों का वितरण
•    सोना-सोबरन धोती-साड़ी-लुंगी योजना के तहत हजारों लाभुकों को वस्त्र वितरण
•    दिव्यांगजनों को ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र आदि का मौके पर वितरण
•    दाखिल-खारिज शुद्धि पत्र, लगान रसीद, जाति, आय एवं निवास प्रमाण-पत्रों का त्वरित निष्पादन
•    आधार नामांकन/सुधार, पैन कार्ड सुविधा
•    पीएम आवास योजना, उज्ज्वला, किसान क्रेडिट कार्ड, मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना आदि के लिए आवेदन एवं स्वीकृति
•    स्वास्थ्य विभाग द्वारा मुफ्त जांच, दवा वितरण और आयुष्मान भारत गोल्डन कार्ड की सुविधा
जिला प्रशासन के वरीय अधिकारियों, प्रखंड विकास पदाधिकारियों, अंचल अधिकारियों, विभागीय कर्मियों और जनप्रतिनिधियों ने पूरे दिन लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया।

उपायुक्त का संदेश
उपायुक्त रांची मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा, “रजत जयंती वर्ष झारखंड के लिए गर्व और संकल्प का साल है। ‘आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार’ इस संकल्प को ज़मीनी रूप देता है। आज लोगों की भारी भागीदारी दिखाती है कि हम सही दिशा में तेजी से बढ़ रहे हैं।” रांची जिला प्रशासन ने कहा कि कोई भी पात्र नागरिक योजना से वंचित न रहे, इसके लिए 28 नवंबर 2025 तक शेष पंचायतों और वार्डों में भी इसी तरह विशाल शिविर लगाए जाएंगे। जिला प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि निकटतम शिविर में पहुँचकर अपने अधिकारों का लाभ अवश्य उठाएं।


 

Tags - Jharkhand News News Jharkhand Jharkhand।atest News News