द फॉलोअप डेस्क
गोड्डा पुलिस ने डकैती की एक बड़ी योजना को विफल करते हुए पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 17 नवंबर को रात 9:40 बजे गुप्त सूचना के आधार पर की गई। सूचना मिली थी कि 8 से 10 हथियारबंद अपराधी कुरमीचक स्थित मरघट्टी के सुनसान जगह पर लूट-पाट की योजना बना रहे हैं। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गोड्डा मुफस्सिल थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया, जिसने मौके से पांच अपराधियों को धर दबोचा, जबकि कुछ अपराधी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान शिवम कुमार (21), उत्तम कुमार साह (19), सुमन कुमार पंडित (18), प्रदीप कुमार साह (20), और गुलशन पंडित (22) के रूप में की गई है, ये सभी गोड्डा और सुन्दरपहाड़ी थाना क्षेत्र के निवासी हैं। आरोपियों की तलाशी के दौरान उनके पास से दो लोडेड देशी कट्टा और पांच जिंदा गोलियाँ बरामद की गईं। इसके साथ ही मौके से दो मोटरसाईकिल (होण्डा एसपी 125, निबंधन संख्या-JH04AD-4089 और JH17Y-0859) और चार स्मार्टफोन भी बरामद किए गए।.jpg)
पुलिस टीम ने खुलासा करते हुए बताया कि जब कुरमीचक स्थित मरघट्टी के पास जर्जर भवन के समीप पहुँची, तो मोबाइल टॉर्च की रोशनी और बातचीत की आवाज सुनाई दी। जिसे सुनकर छापामारी टीम के द्वारा उक्त भवन को चारों तरफ से घेराबंदी किया जाने लगा, तभी आवाज सुनकर अंदर बैठे लड़कें भागने लगे। जिसके बाद छापामारी दल ने 5 लड़कों को पकड़ लिया गया वहीं कुछ लड़के अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे। .jpeg)
इस संबंध में गोड्डा मुफस्सिल थाना में औपचारिक प्राथमिकी (कांड संख्या-202/2025, दिनांक 18.11.2025) दर्ज कर ली गई है। वहीं आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता की धारा- 310(4)/310(5) BNS-2023 के साथ-साथ आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-B)A/26/35 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि डकैती की योजना में शामिल अन्य फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए निरंतर छापामारी की जा रही है। जब्त किए गए हथियारों और मोटरसाईकिलों की जांच की जा रही है, जिससे यह पता लगाया जा सके कि इस गिरोह का किसी अन्य आपराधिक घटना में हाथ था या नहीं।