द फॉलोअप डेस्क:
Giridih Sanitation Worker: झारखंड (Jharkhand) के गिरिडीह (Giridih) से इंसानियत और मानवीय संवेदनाओं को झकझोर देने वाली तस्वीर सामने आई है। यहां पचंबा थाना क्षेत्र के रहने वाले 30 वर्षीय सोनू हाड़ी (Hadi) की तालाब में डूबने से मौत हो गई। सोनू नगर निगम में दैनिक सफाईकर्मी के रूप में काम करते थे। उनकी मौत के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इसके लिए शव वाहन की जगह कचरा उठाने वाली गाड़ी का इस्तेमाल किया गया। इस तस्वीर ने नगर निगम की व्यवस्था और संवेदनशीलता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर एक व्यक्ति की मौत के बाद उसके शव को सम्मानपूर्वक अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था क्यों नहीं हो सकी?

नगर निगम को मिले तीन शव वाहन, फिर कचरा गाड़ी का इस्तेमाल क्यों?
इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब कुछ दिन पहले ही गिरिडीह नगर निगम को सरकार की ओर से तीन शव वाहन उपलब्ध कराए गए हैं, तो फिर सोनू हाड़ी के शव को कचरा ढोने वाली गाड़ी से अस्पताल क्यों पहुंचाया गया? क्या एक सफाईकर्मी की पहचान सिर्फ कचरा उठाने तक ही सीमित रह गई है? सोनू भी किसी परिवार के बेटे थे। उनकी भी अपनी जिंदगी, सपने और अपने लोग थे। जिस शहर को साफ रखने के लिए वह हर दिन मेहनत करते थे, उसी शहर की व्यवस्था उनकी मौत के बाद उन्हें सम्मानजनक व्यवस्था तक नहीं दे सकी। यह महज एक शव को अस्पताल पहुंचाने का मामला नहीं, बल्कि मानवीय संवेदनाओं को झकझोर देने वाली घटना है। अब सवाल है कि इस लापरवाही की जिम्मेदारी कौन लेगा?