logo

गिरिडीह पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 4 साइबर ठग गिरफ्तार; दिल्ली जल बोर्ड के नाम पर करते थे ठगी 

4_arrest.jpg

द फॉलोअप डेस्क 
गिरिडीह में साइबर अपराध पर लगाम कसने की दिशा में गिरिडीह पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। अहिल्यापुर थाना क्षेत्र के बुधुडीह बाजार और गिरिडीह बस स्टैंड के पास झिंझरी मोहल्ला में छापेमारी कर पुलिस ने 4 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से इलाके में साइबर ठगी के खिलाफ एक सख्त संदेश गया है।

मंगलवार को प्रतिबिंब पोर्टल के माध्यम से पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली कि कुछ लोग मोबाइल फोन के जरिए आम नागरिकों से ठगी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही एसपी के निर्देश पर साइबर डीएसपी आबिद खां के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई, जिसने त्वरित कार्रवाई करते हुए 2 अलग-अलग स्थानों से 4 साइबर अपराधियों को धर दबोचा। गुरुवार को आयोजित प्रेसवार्ता में साइबर डीएसपी आबिद खां ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में दीपु कुमार मंडल उर्फ दीपक मंडल (22), छोटी मंडल उर्फ छोटे मंडल (30), श्रवण राय (21) और मोहित कुमार मंडल (19) शामिल हैं। ये सभी आरोपी गिरिडीह जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के रहने वाले हैं। पुलिस ने इनके पास से 5 मोबाइल फोन और 6 सिम कार्ड बरामद किए हैं। 

पूछताछ के दौरान चारों ने स्वीकार किया कि वे फर्जी APK फाइल्स भेजकर लोगों को विभिन्न बहानों जैसे केवाईसी अपडेट, आधार अपडेट, कूरियर सर्विस और दिल्ली जल बोर्ड के नाम पर ठगते थे। इस मामले में साइबर थाना में कांड संख्या 26/2025 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है और आगे की कार्रवाई जारी है। डीएसपी ने बताया कि छोटे मंडल के खिलाफ पहले से ही देवघर साइबर थाना में मामला दर्ज है, और उसके विरुद्ध तेलंगाना-हैदराबाद में साइबर ठगी के 65 से अधिक केस लंबित हैं। वहीं दीपक मंडल के खिलाफ अहिल्यापुर थाना में तथा श्रवण राय पर गिरिडीह साइबर थाना में पहले से मामले दर्ज हैं।

डीएसपी आबिद खां ने कहा कि गिरिडीह पुलिस साइबर अपराध के विरुद्ध लगातार अभियान चला रही है। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि वे किसी भी अज्ञात कॉल, संदिग्ध लिंक या मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से अपनी व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। गिरफ्तार सभी आरोपियों को गुरुवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से साइबर अपराधियों में हड़कंप मच गया है और आम जनता में पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है।


 

Tags - Jharkhand News Giridih News Giridih Latest News Giridih Hindi News Cyber ​​Crime