logo

जमशेदपुर की घाघीडीह जेल में देर रात छापेमारी, ढाई घंटे तक चली प्रशासन की सघन जांच

जमशेदपुर की घाघीडीह जेल में देर रात छापेमारी, ढाई घंटे तक चली प्रशासन की सघन जांच

द फॉलोअप डेस्क:

Ghaghidih Central Jail: जमशेदपुर (Jamshedpur) के घाघीडीह (Ghaghidih) केंद्रीय कारा में सोमवार देर रात जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने औचक छापेमारी कर जेल की सुरक्षा व्यवस्था की पड़ताल की। उपायुक्त राजीव रंजन (Rajiv Ranjan) और एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब (SSP Ehtesham Waqarib) के नेतृत्व में पहुंचे अधिकारियों ने जेल के अलग-अलग वार्डों, बैरकों और बंदियों के सेल की सघन तलाशी ली। इस दौरान बंदियों के निजी सामान और उनके इस्तेमाल की वस्तुओं की भी जांच की गई। छापेमारी में बीड़ी, सिगरेट, खैनी, गुटखा और माचिस जैसी प्रतिबंधित सामग्री बरामद हुई, जिसे जब्त कर लिया गया। हालांकि, मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक इन वस्तुओं के अलावा कोई अन्य संदिग्ध या आपत्तिजनक सामान मिलने की जानकारी सामने नहीं आई है।

सीसीटीवी से मुलाकाती व्यवस्था तक की हुई जांच 

इस अभियान में सिटी एसपी, एसडीओ समेत कई प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी तथा मजिस्ट्रेट भी शामिल रहे। तलाशी के दौरान जेल के रसोईघर, अस्पताल और अन्य संवेदनशील स्थानों का भी निरीक्षण किया गया। इसके अलावा अधिकारियों ने सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, जेल के प्रवेश और निकास द्वारों की सुरक्षा, मुलाकातियों की जांच प्रक्रिया और आंतरिक निगरानी व्यवस्था का जायजा लिया। एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब के अनुसार, इस औचक निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य जेल की आंतरिक सुरक्षा, अनुशासन और प्रशासनिक व्यवस्था की समीक्षा करना था। साथ ही जेल के भीतर प्रतिबंधित सामान और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए
 

Tags - Jharkhand NewsJharkhand Latest NewsGhaghidih Central Jail RaidGhaghidih Jail NewsJamshedpur Jail Raid