logo

गढ़वा पुलिस ने JJMP उग्रवादी को किया गिरफ्तार,  रंका मे पुलिस के साथ हुए मुठभेड़ में था शामिल 

naksali1.jpg

द फॉलोअप डेस्क
झारखंड की गढ़वा पुलिस के हाथ बड़ी कामयाबी लगी है। पुलिस ने JJMP के एक और उग्रवादी को गिरफ्तार कर लिया है। उग्रवादी का नाम मनोज राम है। उग्रवादी रंका थाना क्षेत्र के ढेंगुरा जंगल में 17 दिसंबर को पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में शामिल था। पुलिस ने मनोज को दुर्जन गांव से गिरफ्तार किया है। मनोज की निशानदेही पर पुलिस ने भारी मात्रा में अत्याधुनिक हथियारों का जखीरा बरामद किया है। इनमें पुलिस से लूटी गयी एक इंसास राइफल के अलावा 315 बोर की चार राइफल भी शामिल हैं। जानकारी हो कि पुलिस लगातार मुठभेड़ में शामिल उग्रवादियों की गिरफ्तारी के लिए इलाके में छापेमारी कर रही है। 


हथियारों का जखीरा बरामद 
उग्रवादी मनोज के पकड़े जाने की जानकारी एसपी दीपक कुमार पांडेय ने दी। एसपी ने बताया कि मुठभेड़ के मामले में जेजेएमपी उग्रवादियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी दल का गठन किया गया है। टीम ने उग्रवादी मनोज राम को उसके दुर्जन गांव से गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर छुपाकर रखे हथियारों का जखीरा बरामद किया गया। बरामद किए गए हथियारों में एक इंसास के अलावा इंसास राइफल का एक मैगजीन, 5.66 मीमी कैलिबर का छह कारतूस, 315 बोर का चार राइफल, 315 बोर के राइफल में लगने वाला चार मैगजीन, 315 बोर का चार कारतूस और गोली रखने के लिए दो पाउच शामिल हैं।


दुष्कर्म के मामले में पहले भी जा चुका है जेल
एसपी ने बताया कि मनोज रमकंडा थाना में दर्ज दुष्कर्म के मामले में पहले भी जेल जा चुका है। पलामू और लातेहार जिलांतर्गत अन्य थाना में दर्ज मामलों की जानकारी हासिल की जा रही है। गिरफ्तार उग्रवादियों के पास से बरामद किया गया एके 47 और इंसास पुलिस से लूटा गया हथियार है। पुलिस जानकारी एकत्रित कर रही है कि उक्त हथियार पुलिस से कहां लूटे गए थे।