logo

छठ घाट पर पूजा करते-करते नवविवाहिता की बिगड़ी तबीयत, मौत 

छठ घाट पर पूजा करते-करते नवविवाहिता की बिगड़ी तबीयत, मौत 

द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
गढ़वा जिले के मेराल थाना क्षेत्र के करकोमा गांव स्थित तेतरियादामर टोला के दानरो नदी छठ घाट पर छठ पूजा के दौरान एक दर्दनाक घटना सामने आयी है। भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करने के बाद पूजा-अर्चना कर रही एक नवविवाहिता की अचानक तबीयत बिगड़ गयी। वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ी। परिजन जब तक उसे इलाज के लिए ले जाने की व्यवस्था करते, उससे पहले ही उसकी मौत हो गयी। मृतका की पहचान करकोमा गांव निवासी भोला चौधरी की 23 वर्षीय पुत्री लीलावती देवी के रूप में हुई है। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।


 

स्नान के बाद दिया था भगवान भास्कर को अर्घ्य
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, लीलावती देवी छठ पर्व मनाने के लिए अपने ससुराल से मायके आयी हुई थी। रविवार की रात करीब 8:30 बजे वह अपने परिजनों के साथ दानरो नदी स्थित छठ घाट पहुंची थी। वहां स्नान करने के बाद उसने विधि-विधान से भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया। इसके बाद वह अपने पूजा स्थल पर बैठकर पूजा-अर्चना कर रही थी। इसी दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गयी और वह बेहोश होकर गिर पड़ी।


अस्पताल ले जाने से पहले ही तोड़ा दम
घाट पर मौजूद परिजनों और आसपास के लोगों ने आनन-फानन में उसे संभाला और इलाज के लिए ले जाने का प्रयास किया। हालांकि, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। अचानक हुई इस घटना से छठ घाट पर अफरा-तफरी मच गयी। जिस परिवार में छठ पर्व की खुशियां थीं, वहां देखते ही देखते मातम पसर गया। बताया जाता है कि लीलावती देवी की शादी करीब दो वर्ष पूर्व पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के कंकारी गांव निवासी अर्जुन चौधरी के साथ हुई थी। छठ पर्व मनाने के लिए वह अपने मायके करकोमा आयी हुई थी। पर्व के दौरान उसकी अचानक मौत से मायके और ससुराल पक्ष के लोगों में शोक की लहर है।

Tags - Garhwa News Meral News Jharkhand News Chhath Puja Danro River